बारिश बहा ले गई 469 करोड़

By: Sep 25th, 2017 12:15 am

प्रदेश पीडब्ल्यूडी पर जोरदार मार, कांगड़ा जोन में सबसे ज्यादा 125 करोड़ का नुकसान

newsशिमला  – हिमाचल में अबकी बार बरसात ने खूब तबाही मचाई है। इस बार बारिश ने सड़कों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। राज्य में अबकी बार बरसात से करीब 469 करोड़ का नुकसान लोक निर्माण विभाग को पहुंचा है। इस बार भारी बारिश ने हिमाचल में जनजीवन पर बुरी तरह प्रभावित किया है। हालांकि अबकी बार कुल बारिश तो कम आंकी जा रही है, लेकिन यह बारिश कुछ समय में बहुत ज्यादा हुई है। यही वजह है कि भारी बारिश से नुकसान भी कई जगह ज्यादा हुआ है। राज्य में अबकी बार बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को पहुंचा है। बारिश से अब तक लोक निर्माण विभाग को 469 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान को देखें तो सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा जोन को हुआ है। यहां करीब 125 करोड़ का नुकसान बारिश से अब तक हुआ है। शिमला और मंडी जोन में भी बारिश ने खूब तबाही मचाई है।  शिमला जोन में करीब 109 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इस जोन में रामपुर, रोहडू और सोलन सर्किल में बारिश ने अबकी बार काफी क्षति सड़कों को पहुंचाई है। शिमला जोन के रामपुर सर्किल की बात करें तो यहां पर निरमंड क्षेत्र में भारी नुकसान बारिश से अबकी बार हुआ है। इसी तरह मंडी जोन में इस बार बारिश ने करीब 105 करोड़ रुपए लोक निर्माण विभाग के बहाए हैं। यहां मंडी और जोगिंद्रनगर सर्किल में अबकी बार बारिश ने काफी क्षति पहुंचाई है और सड़कों को बुरी तरह से खराब किया है। इसी इलाके में अबकी बार एनएच  कोटरूपी के पास बह गया था और  भारी जानी नुकसान भी हुआ। हमीरपुर जोन में इस बार बारिश ने करीब 95 करोड़ रुपए का नुकसान सड़कों को पहुंचाया है। राष्ट्रीय राजमार्गों को भी इस बरसात में काफी क्षति पहुंची है।

एनएच विंग को भी घाटा, दो पुल बहे

लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग को इस बारिश से करीब 35 करोड़ रुपए की क्षति होने का अनुमान है। राज्य में बारिश से सड़कों को तो नुकसान पहुंचा ही, साथ में दो बड़े पुल भी अबकी बार इस बारिश की भेंट चढ़े। अबकी बार सोलन के नालागढ़ इलाके में बद्दी-बरोटीवाला सड़क पर बल्द खड़्ड पर बना पुल भी भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा कांगड़ा के नूरपुर में तुलाटी रोड पर भी एक पुल भारी बारिश की भेंट चढ़ा।

गांवों में हाल बुरे

अबकी बार हिमाचल में  हुई बारिश से ग्रामीण इलाकों में बनी सड़कों की हालत खराब हुई है। राज्य के दूरदराज इलाकों की सड़कें इस दौरान काफी क्षतिग्रस्त हुई हैं। सड़कों के जहां कई जगह डंगे गिरे, वहीं ल्हासे गिरने से भी इन सड़कों को नुकसान पहुंचा। बीते दो दिन में हुई भारी बारिश से भी ग्रामीण इलाकों की सड़कों की हालत खराब हुई है, इससे कई जगह सड़कों को नुकसान हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App