मंडी में दबोचा एमपी का महिला चोर गैंग

खाकी ने होटल में छापा मारकर गिरफ्त में लीं आठ; बैग काट लूटे थे 54 हजार रुपए, मध्य प्रदेश के राजगढ़ की हैं आरोपी

मंडी – तेजधार औजार से बैग काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे महिला चोर गिरोह को मंडी पुलिस ने दबोच लिया है। महिला चोर गिरोह मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला का निकला है और इसका संबंध प्रसिद्ध एक गैंग से बताया जा रहा है। मंडी पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद एक होटल में छापा मारकर वहां रुकी हुई मध्य प्रदेश की 11 महिलाओं में से आठ को गिरफ्तार किया गया है और तीन को डिटेन पर रखा गया है। महिलाओं के पास से पुलिस को काफी संख्या में नकदी, तेजधार कटर और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पकड़ी गई सभी महिलाएं मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं और तीन दिन से बच्चों के साथ मंडी में डेरा डाले हुई थीं। इस गैंग की सदस्यों ने शुक्रवार को नेरचौक में एक महिला के बैग को काटकर 50 हजार रुपए चुरा लिए थे, जिसके बाद इन्हीं महिलाओं ने शनिवार को मंडी शहर में भी एक बुजुर्ग महिला का बैग काटकर उसका पर्स चोरी कर लिया। शुक्रवार से बल्ह पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी, जबकि शनिवार को मंडी भी ऐसा ही मामला सामने आने के बाद मंडी पुलिस भी जांच कर रही थी। पैलेस कालोनी की वृद्ध महिला कुसुम हांडा सब्जी लेने के लिए स्कोडी पुल पर आई थी। इसी बीच इन महिलाओं ने उसका कैरी बैग काटकर पर्स चोरी कर लिया था, जबकि कुसुम हांडा को इस बात का पता स्कूल बाजार में आकर उस समय लगा जब जूस पीने के बाद उसने पैसे देने के लिए पर्स तलाश किया। इसके बाद मंडी पुलिस दिन में ही सक्रिय हो गई थी। नेरचौक में तो ये महिलाएं सीसीटीवी में भी कैद हो गई थीं। खबर लिखे जाने तक मंडी सदर थाना प्रभारी सुनील कमार और बल्ह थाना प्रभारी संजीव सूद अपनी टीम के साथ जांच करने में जुटे हुए थे। उधर, एसपी मंडी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है।

कुछ नेरचौक, तो कुछ मंडी में…

पकड़ी गई महिलाओं की पहचान भोली पत्नी रघुवीर गांव फुलखंडी, डाकघर कदारा कोटली नरसिंहगढ़ डाकघर राजगढ़ जिला मध्य प्रदेश, नंदनी पुत्री राजेंद्र सिंह गांव जाटखेड़ी डा. पिपलियां जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश, सोनिका पत्नी नरोत्तम गांव जाटखेड़ी जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश, प्रेमा पत्नी राम भजन गांव कुनखेली जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। इसके साथ ही रीना, शीला, चांदनी, सपना और कुछ अन्य महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से कुछ महिलाएं नेरचौक में, तो कुछ मंडी शहर में लूट करने में शामिल हैं।

कांगड़ा से आया यह गिरोह

बताया जा रहा है कि यह गिरोह कांगड़ा से मंडी आया है। पुलिस को जांच में पता चला है कि ये महिलाएं इससे पहले कांगड़ा में रुकी हुई थीं। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कांगड़ा में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।