मुख्यमंत्री बेल पर और आईजी जेल में

पांवटा साहिब- पांवटा साहिब पहुंचे भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश के लिए इससे बड़ी बिडंबना ओर क्या हो सकती है कि हिमाचल सरकार के मुख्यमंत्री अदालत से बेल पर हैं और यहां के आईजी जेल में हैं। वह यहां के ज्वालापुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूरे देश में हिमाचल की साफ-सुथरी छवि को कलंकित किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सरकार को चलाने में नाकाम रहे हैं। वह रिटायर होना चाहते हैं इसलिए इस बार प्रदेश की जनता ही उन्हें रिटायर कर देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का कार्यकाल प्रदेश में काले अध्याय के तौर पर देखा जाएगा। जहां पर बिटिया प्रकरण व मर्डर जैसे अपराध हो रहे हैं और कांग्रेस सरकार के लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को संभालने में तो सरकार नाकाम रही है इसके अलावा प्रदेश की जनता के पूरे पांच साल खराब कर दिए हैं। जनता विकास की बाट देखती रही, लेकिन मुख्यमंत्री दिल्ली में कोर्ट के चक्कर में उलझे रहे। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के स्पीकर चौधरी कंवर पाल सिंह गुर्जर ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हिमाचल की सरकार घोटाला की सरकार के तौर पर जानी जाती है। इस सरकार ने माफियाओं को संरक्षण दिया है और आम जनता परेशान ही रही। जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी अंतिम सांसे गिन रही है। प्रदेश की जनता इस सरकार को ऐसा धक्का देगी कि यह फिर से कभी सत्ता में नहीं आ पाएगी।