मेघवाल और धूमल पर फूलों की झमाझम बारिश

धर्मपुर —  भाजपा दलित स्वाभिमान सम्मेलन के बहाने धर्मपुर भाजपा ने चुनाव की हुंकार भर दी है। धर्मपुर विस में आयोजित इस कार्यक्रम में जहां मोदी सरकार में राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का धर्मपुर पहुंचने पर फूल मालाओं व फूलों की वर्षा करके जोरदार स्वागत किया, वहीं सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर के अगले इरादों को भी स्पष्ट कर दिया है। इस सम्मेलन को धर्मपुर भाजपा ने चुनावी हुंकार का नाम दिया था और जिसके मुताबिक जनसभा में महेंद्र सिंह भीड़ जुटाने में भी सफल रहे। वहीं कार्यकर्ताओं में जोश भी खूब देखने को मिला। वहीं दलित स्वाभिमान सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके अर्जुन मेघवाल द्वारा किया गया। सम्मेलन में पूर्व परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ने केंद्रीय राज्य जल संसाधन मंत्री का शाल व टोपी पहनाकर स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार भारद्वाज ने शाल और टोपी पहनाकर स्वागत किया।

प्रदेश से ही गायब हो जाएगी कांग्रेस

इस अवसर पर पूर्व परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ने सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार पूरी की पूरी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी न केवल धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से, बल्कि प्रदेश से ही गायब हो जाएगी। महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रथम चुनाव के समय से ही उन्होंने दलितों के हित में काम किया है। जब वे प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री थे, तब उन्होंने पूरे धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में चार हजार मजदूर लोक निर्माण विभाग में रखे थे और उनमें से 3287 मजदूर अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले थे, जिससे उनके परिवारों का विकास संभव हो पाया है। महेंद्र सिंह ने कहा कि धर्मपुर में आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए आज तक सरकार ने कुछ नहीं किया है।