मैदानों में 21 से फिर बौछारें

By: Sep 18th, 2017 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, कल्पा में हुई सबसे ज्यादा बारिश

newsशिमला  – प्रदेश में 22-23 सितंबर को मौसम फिर से कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने समूचे प्रदेश में बारिश की उम्मीदें जताई हैं। विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सप्ताह भर मौसम खराब बना रहेगा। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में 18 से 20 सितंबर तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 21 से 23 सितंबर तक मैदानी क्षेत्रों में भी कई जगह बारिश की उम्मीदें जताई जा रही हैं। रविवार को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह जहां दिन के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई, वहीं शाम के समय धूप खिली। 24 घंटों के दौरान भी राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह बारिश रिकार्ड की गई। राज्य के कल्पा में सबसे अधिक 21 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा मनाली-रिकांगपिओ में आठ, कुमारसैन में सात, सराहन में चार और रामपुर में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम में आई करवट से अधिकतम तापमान में एक से नौ डिग्री तक की गिरावट आई है। कल्पा का अधिकतम तापमान लुढ़ककर 13.4 डिग्री तक पहुंच गया है। शनिवार को कल्पा में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके अलावा भुंतर में चार, सोलन में पांच, नाहन व शिमला में दो डिग्री तक पारा लुढ़का है। धर्मशाला, ऊना, कांगड़ा व चंबा के अधिकतम पारे में उछाल आया है। शिमला में अधिकतम तापमान 22.3, सुंदरनगर में 30.8, भुंतर में 28.8, कल्पा में 13.4, धर्मशाला में 28.4, ऊना में 36.4, नाहन में 28.8, सोलन में 23.2 और कांगड़ा में 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App