मोदी सरकार को गरीबों का ख्याल

जसवां कोटला —  जसवां परागपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत जंडौर में भारतीय जनता पार्टी ने महिला स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन किया। इस मौके पर हमीरपुर लोकसभा के सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जंडौर में महिलाओं ने अनुराग ठाकुर का यहां पहुंचने पर फूलमालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर ने महिला शक्ति को संबोधित करते हुए हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि  पीएम मोदी ने सबका साथ सबका विकास के नारे से सत्ता हासिल की थी और मोदी सरकार उसी नीति पर कार्य कर रही है। लोग कहते थे भारतीय जनता पार्टी मुसलमान विरोधी है, परंतु भारतीय जनता पार्टी ने तीन तलाक को समाप्त करके विरोधियों के मुंह पर ताला लगा दिया है। जब-जब भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई तब-तब महिलाओं का सम्मान हुआ। पंचायतों में 50 फीसदी महिला आरक्षण, रक्षाबंधन में फ्री बस सुविधा व करवाचौथ के व्रत की छुट्टी भी भारतीय जनता पार्टी ने दी। हिमाचल की बेटी के साथ रेप होता है ओर कांग्रेस सरकार उस बेटी को न्याय दिलाने के बजाय दरिंदों को बचाने में लगी है। मुख्यमंत्री की पत्नी बिटिया के घरवालों को सीबीआई जांच करवाने ेसे मना करती है।  पूरी सरकार बलात्कार करने वालों को बचाती रही, परंतु मैंने संसद में बिटिया का मामला उठाया। आज मोदी सरकार बिटिया केस की जांच करवा रही है और बिटिया को न्याय दिलाकर रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार गरीब जनता के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा में ही चलेगा और देहरा में दो ट्रेडों की कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। इस सफल आयोजन को लेकर मैं विधायक विक्रम ठाकुर को बधाई देता हूं। इस मौके पर विधायक विक्रम ठाकुर ने भी महिलाओं को संबोधित किया।