लॉरियल की वारिस लिलियन का निधन

नई दिल्ली — सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाली फ्रांस की कंपनी लॉरियल की वारिस और दुनिया की सबसे अमीर महिला लिलियन बेटनकोर्ट का निधन हो गया। वह 94 साल की थीं और भूलने की बीमार डिमेंशिया से ग्रसित थीं। लिलियन के पिता उजेन वेलर ने 1909 में एक कंपनी शुरू की थी, जो आज लॉरियल ग्रुप में बदल गई है। अपने पिता की इकलौती संतान लिलियन का जन्म वर्ष 1922 में पेरिस में हुआ था।  उन्होंने 1957 में अपने पिता के निधन के बाद कंपनी की कमान संभाली और इसे नई बुलंदियों पर ले गईं। लिलियन की बेटी फ्रांस्वा बेटनकोर्ट ने जारी बयान में कहा कि उनकी मां का निधन पेरिस में हुआ। फोर्ब्स की अमीर लोगों की सूची में लिलियन 14वें स्थान पर थीं। अपनी मां के खिलाफ कानूनी लड़ाई में वर्ष 2012 में जीत हासिल करने वाली फ्रांस्वा अब 39.5 अरब डॉलर की संपत्ति की मालिक बन गई हैं।