विकास के दम पर लड़ेंगे चुनाव

By: Sep 9th, 2017 12:05 am

विकास के दम पर लड़ेंगे चुनाव एका तोड़ने वालों से बचना होगा

मुख्यमंत्री बोले, सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल

NEWSनूरपुर, शाहपुर— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को पौंग डैम पर महाराणा प्रताप की नवनिर्मित विशाल एवं भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश सरकार विकास के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के इस कार्यकाल में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है और विकास की दृष्टि से हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो गया है, जो कि कांग्रेस की उपलब्धि है। भाजपा के पास चुनावों के लिए कोई मुद्दा नहीं है और लोग भाजपा के झूठे व लुभावने वादों में नहीं आएंगे। भाजपा लोगों को गुमराह कर सत्ता में आना चाहती है, परंतु लोग उन्हें भलीभांति जानते हैं। कांग्रेस सरकार और पार्टी संगठन में बेहतर तालमेल न होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल है और आने वाले चुनाव में सरकार विकास की उपलब्धियों पर लोगों के बीच जाएगी। सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए बेहतर प्रयास किया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप समाज के आदर्श थे और इस स्थान पर लगभग 42 लाख रुपए की लागत से उनकी प्रतिमा स्थापित की है, जिसका आज उन्होंने अनावरण किया है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, विधायक अजय महाजन, चंद्र कुमार, डीसी कांगड़ा सीपी वर्मा सहित राजपूत सभा के पदाधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे।

विकास में सहयोग नहीं करते भाजपाई

विकास में भाजपा सहयोग नहीं करती है। यदि विधानसभा का सत्र 20 दिन का हो तो 18 दिन भाजपाई वाकआउट करते हैं और ईमानदारी  का ढिंढोरा पीटते हैं। शाहपुर की जनसभा में सीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश आगे ले जाने का है। मैं खुद सारा समय विकास में लगाता हूं। भाजपा को विकास रास नहीं आता है। भाजपा ने कभी भी सदन में ऐसा बिल नहीं लाया, जिससे प्रदेश का भला हो सके। सीएम ने कहा कि जो लोग एकता खत्म करने की कोशिशें करते हैं, हमें उनसे बचकर रहना चाहिए। भाजपा नेता झूठ बोलने और आरोप जड़ने में माहिर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App