सफाई करने जुटा बिलासपुर

बिलासपुर —  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए बिलासपुर तैयार हो रहा है। हिमाचल प्रदेश प्रधानमंत्री का दूसरा घर है, इसीलिए स्वागत भी जोरदार तरीके से होगा। शुक्रवार को रैली के प्रभारी एवं नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा ने यहां  बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, भाजपा के पदाधिकारी साज-सज्जा और सफाई पर ध्यान दे रहे हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि पार्टी ने जो शहर को साफ-सुथरा बनाने की मुहिम छेड़ी है, वह सत्ता की भी सफाई कर देगी। शुक्रवार को भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर शहर के तीन वार्डों में सफाई अभियान चलाया। रणधीर शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान भारत सरकार द्वारा चलाया गया एक स्वच्छता मिशन है। रणधीर शर्मा ने बताया कि शनिवार को तीन वार्डों में सफाई की जाएगी। वार्ड नंबर एक में पूर्व सांसद सुरेश चंदेल व जिला भाजपा महासचिव भीम चंदेल, वार्ड-छह में भाजपा प्रदेश सचिव पायल वैद्य, प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी व जिला अध्यक्ष राकेश गौतम तथा वार्ड 11 में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, सचिव त्रिलोक जम्वाल उपस्थित रहेंगे।

बिलासपुर के वार्डों में इन्होंने की सफाई

वार्ड नंबर चार गुरुद्वारा में भाजपा के संगठन मंत्री पवन राणा, सचिव त्रिलोक जम्वाल, भीम चंदेल, सोनल शर्मा, नीतू मिश्रा, राजू दबड़ा, स्वतंत्र सांख्यान व अन्य कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाया। वहीं, वार्ड नंबर-नौ और दस में विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य, प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी व जिला अध्यक्ष राकेश गौतम समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सफाई की।