सभी कर्मियों को पेंशन देना चाहती है सरकार

पद्धर – प्रदेश सरकार वर्ष 2003 के बाद बंद की गई कर्मचारियों की पेंशन को बहाल करने के हक में हैं।  इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया गया है। यह बात स्वास्थ्य, राजस्व एवं विधि मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने रविवार को द्रंग में आयोजित सर्व कर्मचारी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। महासम्मेलन में करीब तीन हजार कर्मचारियों ने शिरकत की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2003 के बाद बंद की गई कर्मचारियों की पेंशन को बहाल करने के पक्ष में हैं। इस पर पूर्व की एनडीए और धूमल सरकार ने गलत कदम उठाया था और वर्तमान में केंद्र सरकार का इस पर हस्तक्षेप अहम होगा।उन्होंने विभिन्न पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों से पाठशाला में चल रहे रिक्त पदों की सूची शीघ्र सरकार को प्रेषित करने के आदेश दिए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव वामन देव ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम ठाकुर, जिला कांग्रेस महासचिव जोगिंद्र गुलेरिया, चंद्रशेखर ठाकुर, एसडीएम पद्धर आशीष शर्मा, तहसीलदार डीसी ठाकुर, लाल सिंह चावला, प्रदीप ठाकुर, देशराज, बालक राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में एनजीओ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश बहुद्देश्यीय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर, इंजीनियर एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके कौशल, तहसीलदार अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष डीसी ठाकुर, पीटीएफ संघ सदर और औट के अध्यक्ष ललित शर्मा, वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, उद्यान विभाग संघ के जिला अध्यक्ष केसर सिंह ठाकुर, एचपीएमसी के जिला अध्यक्ष हरि सिंह ठाकुर, पीटीए संघ के जिला अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने संघ की ओर से मुख्यातिथि को सम्मानित किया।

कौल सिंह को समर्थन का ऐलान

पद्धर – रविवार को द्रंग में आयोजित सर्व कर्मचारी महासम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कर्मचारी नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर को प्रदेश का भविष्य करार दिया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में कंधे से कंधा मिलाकर उनकी जीत को यादगार बनाने का ऐलान किया। बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं एनजीओ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक फैसले लेते हुए कर्मचारी हितैषी होने का परिचय दिया है। वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सरकार ने कर्मियों को लाभान्वित करने के लिए समय पर वित्तीय लाभ दिए हैं। पीटीए संघ के जिला अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने कर्मचारियों के अनुबंध दायरे को पांच साल से घटाकर तीन साल करने पर सरकार का आभार जताया। तहसीलदार अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसी ठाकुर, स्कूल प्रधानाचार्य एसोसिएशन के अध्यक्ष केके शर्मा, उद्यान विभाग महासंघ के अध्यक्ष केसर सिंह, एचपीएमसी के अध्यक्ष हरि सिंह पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, पेंशनर संघ के अध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।