सुजान सिंह पठानिया आईजीएमसी में भर्ती

पक्षाघात के बाद सीसीयू में चल रहा इलाज, हालत में सुधार

शिमला — हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया को बुधवार को ब्रेन स्ट्रोक के बाद अधरंग (पैरालिसिस) हो गया है। उन्हें आईजीएमसी के सीसीयू वार्ड में दाखिल किया गया है। श्री पठानिया के इलाज के लिए डाक्टरों की स्पेशल टीम तैनात की गई है। इसमें मेडिसन और न्यूरोलॉजी के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं। 1/अधरंग से उनके शरीर का दायां हिस्सा प्रभावित हुआ है और उनकादायां हाथ, टांग और पैर काम नहीं कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सुजान सिंह पठानिया की बुधवार सुबह ही तबीयत बिगड़ी और अधरंग होने पर उन्हें तुरंत आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डाक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया। वहां पर उनका एमआरआई करवाया गया। श्री पठानिया विशेषज्ञ डाक्टरों की निगरानी में हैं। आईजीएमसी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने इसकी पुष्टि की है। बुधवार देर शाम को सुजान सिंह पठानिया की हालत में सुधार बताया गया। डाक्टर रमेश ने कहा कि बुधवार शाम तक उनकी हालत में पहले के मुकाबले कुछ सुधार हुआ और वह मिलने वालों से बातचीत भी कर रहे हैं। वहीं, देर शाम कई वरिष्ठ मंत्री सुजान सिंह पठानिया से मिलने पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर भी श्री पठानिया का कुशलक्षेम जानने पहुंचे।