एक चिंगारी… और दिवाली की खुशियां स्वाह

By: Oct 21st, 2017 12:40 am

4.11 करोड़ स्वाह

शिमला — हिमाचल में दिवाली पर कहीं खुशी, तो कहीं गम का माहौल रहा। खुशी और उत्साह का यह पर्व कई लोगों को लिए मायूसी लेकर आया। राज्य में कई जगह आग की घटनाएं हुईं। पटाखों से लगी आग से राज्य में अबकी बार करीब चार करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान आंका गया है। कई जगह लोगों के आशियाने जलकर राख हो गए। हालांकि आग की घटनाओं से कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ है, कुल्लू में एक गोशाला में एक गाय जिंदा जलने की सूचना है। इस बार भी दिवाली के पर्व पर जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं कुछ जगह पटाखों से आग लगने की घटनाएं हुईं। जानकारी के अनुसार अबकी बार दिवाली पर प्रदेश भर में आग की करीब 58 छोटी-बड़ी घटनाएं अग्निशमन विभाग द्वारा दर्ज की गईं, जिनमें करीब 4.11 करोड़ का नुकसान आंका गया है। हालांकि दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत से करीब 12.38 करोड़ की संपत्ति भी बचाई जा सकी है। अग्निशमन विभाग ने जो आरंभिक रिपोर्ट तैयार की है, उसके मुताबिक राज्य में सबसे ज्यादा नुकसान चंबा में हुआ है। जिले में आग की दो घटनाएं हुई हैं, इससे यहां करीब 3.40 करोड़ का नुकसान आंका गया है। चंबा के खजियार में एक भीषण अग्निकांड में कुछ घर जलकर राख हुए हैं। शिमला में आग की दस घटनाएं हुई हैं, इसमें करीब 12.36 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। सोलन में आग की ग्यारह घटनाओं की सूचना है। इस जिले में आग से करीब 3.52 लाख रुपए की क्षति हुई है। मंडी में आग की छोटी-मोटी पांच घटनाएं हुई हैं और इसमें करीब 65 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। कांगड़ा जिला में आग की करीब 13 घटनाएं दर्ज हुई हैं। इससे 45.23 लाख रुपए का नुकसान, बिलासपुर में आग की एक घटना में करीब चालीस हजार का नुकसान हुआ है। हमीरपुर में आग की दो घटनाओं में 1.20 लाख की संपित्त, ऊना में आग की छह घटनाओं में करीब 2.23 लाख की संपित्त और कुल्लू में आग की आधा दर्जन घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिनमें 4.97 लाख रुपए की संपत्ति स्वाह हुई है। कुल्लू के डोबी में गोशाला में आग लगने से एक जर्सी गाय जिंदा जल गई।

किन्नौर से आग की कोई सूचना नहीं

किन्नौर व लाहुल-स्पीति जिला में दिवाली के दौरान आग लगने की कोई सूचना दमकल विभाग को नहीं मिली। आग की इन घटनाओं में लोगों के आशियाने और इसमें रखी बहुमूल्य संपत्ति राख हुई है। कुछ जगह दुकान व व्यापारिक प्रतिष्ठान भी आग की भेंट चढ़े हैं। पटाखों से कई जगह घासनियों व वनों में भी आग की घटनाएं हुई हैं।

प्रदेश में कहां-कितना नुकसान

*  कुल्लू — जिला में दिवाली पर्व के दिन कई जगह आग से खासा नुकसान हुआ है। विभिन्न जगह लगी आग से करीब पांच लाख रुपए की संपत्ति राख होने का नुकसान आंका गया है। आग लगते ही क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई जगह पानी की कमी खली।

* चुरुडू — अंब की ग्राम पंचायत हंबोली के अंतर्गत गांव बहेड़ी में रिहायशी घर में आग लगने से दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने से फ्रिज, लकड़ी की अलमारी, एलसीडी, बेड जलकर राख हो गए।

* ऊना — पटाखे चलाते समय जिला भर में करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जिला में आगजनी की विभिन्न घटनाओं में करीब दस लाख रुपए का नुकसान हुआ है। रिहायशी मकान सहित आग ने तूड़ी, मक्की के गठ्ठे व अन्य सामान का अपनी चपेट में लिया है।

* भराड़ी — उपतहसील भराड़ी के चलालडू गांव में दोमंजिला चार कमरों की स्लेटपोश गोशाला में आग लग गई। गोशाला के भीतर रखा लकड़ी तथा घास सहित अन्य सामान भी जलकर स्वाह हो गया। आग लगने की इस घटना में करीब दो लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

* शाहतलाई — झंडूता के अंतर्गत पंचायत मंलागण के गांव कुठेड़ा निवासी कांशीराम के रिहायशी मकान में गुरुवार को आग लग गई। दिवाली की रात एक कमरे में अचानक आग लगने से करीब पांच लाख रुपए का सामान राख हो गया।

* नाहन — आतिशबाजी के दौरान पटाखों में हुए धमाके से अकेले  नाहन शहर में ही आठ लोग आंशिक रूप से झुलस गए।

* जोग्रिंद्रनगर — उपमंडल की ग्राम पंचायत पिपल के बहड़ू गांव में गुरुवार दोपहर आगजनी से एक रिहायशी मकान जलने से लगभग छह लाख रुपए की संपत्ति जलकर स्वाह हो गई। स्थानीय लोगों व दमकल विभाग के  सहयोग से अन्य संपत्ति जलने से बचा ली गई।

* हमीरपुर — दिवाली पर आगजनी की दो घटनाओं में एक लाख तीस हजार की संपत्ति स्वाह हो गई। इसमें इमारती लकड़ी व घास शामिल है। पटाखों से निकली चिंगारियों से यह नुकसान हुआ है। लोगों व अग्निशमन विभाग के कर्मियों की मदद से आगजनी की घटनाओं पर काबू पाया जा सका। भोरंज में एक युवक के जलने की सूचना है।

* गगल — गगल-धर्मशाला मार्ग पर गुरुवार रात लगभग साढ़े दस बजे संजय अवस्थी की दुकान में अचानक आग लग गई। कांगड़ा से फायर ब्रिगेड की दो गाडि़यों ने मौके पर पहुंचकर लपटों पर काबू पाया। इस हादसे में संजय का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दूसरी ओर राजोल में राजीव सिंह की गोशाला में देर रात साढ़े बारह बजे आग लग गई।

* धर्मशाला — दीपावली पर पटाखे चलाते नाबालिग की आंख में चोट लग गई। वहीं, धर्मशाला के तहत शिल्ला चौक में सरस्वती एंटरप्राइजेज की हार्डवेयर की दुकान में गुरुवार रात साढ़े दस बजे आग लगने से हार्डवेयर का 25 लाख का सामान जलकर राख हो गया। गुरुवार रात पौने आठ बजे कालापुल के पास जंगल में अचानक आग लग गई।

* आनी — लझेरी पंचायत के डीम गांव में दोपहर करीब 12 बजे दोमंजिला मकान में अचानक आग लग गई, जिससे आठ कमरों का मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। मकान में रखा सारा घरेलू और बहुमूल्य सामान जलकर खाक हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App