एचआरटीसी ने चलाई 220 बसें

दिवाली के लिए परिवहन निगम ने शुरू की स्पेशल बस सेवा 

शिमला  – दीयों के पर्व पर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पथ परिवहन निगम ने मंगलवार से स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी है। एचआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा और एडवांस बुकिंग को देखते हुए मंगलवार को 90 अतिरिक्त बसें चलाई, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए बुधवार को 130 के करीब अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। एचआरटीसी ने मंगलवार को दिल्ली चंढ़ीगढ़ सहित राज्यों के विभिन्न जिलों के लिए डिमांड के तहत अतिरिक्त बसें चलाई गइर्ं। इसमें चंडीगढ़ से 20 और दिल्ली से आधा दर्जन से अधिक बसें चलाई गईं। फेस्टिवल के दौरान लोगों को घर लौटने में दिक्कतें न झेलनी पड़े इसके लिए निगम प्रबंधन ने चालक परिचालक सहित फील्ड स्टाफ को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं। एचआरटीसी द्वारा दिवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए 220 के करीब अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज सिंघल ने बताया कि मंगलवार को 90 अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं और बुधवार को 130 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि डिमांड को देखते हुए और अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

शाम चार बजे के बाद नहीं चलेंगी बसें

प्रदेश के दीपावाली वाले दिन शाम 4 बजे के बाद निगम की बसें नहीं चलेंगी। हालांकि शाम 4 बजे तक सभी रूटों पर बसें नियमित चलेंगी। मगर 4 बजे के बाद निगम की बसें खड़ी कर दी जाएंगी। निगम प्रबंधन ने इस बाबत निर्देश जारी कर दिए हैं।