…और शुरू हो गईं पसंदीदा नियुक्तियां

By: Oct 1st, 2017 12:01 am

राहुल से मुलाकात का असर, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष बनाए सिपहसालार छाजटा

 शिमला— कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मुलाकात के बाद नतीजे निकलने शुरू हो गए हैं। कांग्रे्रस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटाने की मांग तो हाइकमान ने मानी नहीं, परंतु उनकी पसंद की नियुक्तियां देने को हाइकमान राजी था। ऐसे में मुख्यमंत्री ने पहली नियुक्ति यशवंत छाजटा के रूप में करवाई है, जो कि उनके खास सिपहसालार हैं। यशवंत छाजटा को शिमला जिला ग्रामीण कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में हिमुडा के उपाध्यक्ष हैं और कोटखाई क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। उनसे पहले यहां रितेश कपरेट जिला ग्रामीण के अध्यक्ष थे, जो कि पार्टी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के खास माने जाते हैं। मुख्यमंत्री को उनकी नियुक्ति पर एतराज था, लिहाजा उन्होंने हाइकमान से अपनी पसंद के जिलाध्यक्ष को यहां लगाने की बात कही थी। सूत्र बताते हैं कि कुछ और जिलों में भी नियुक्तियों में उनके कहे अनुसार बदलाव किया जा सकता है, वहीं संगठन के आला ओहदों पर भी कुछेक में बदलाव संभावित है। जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष के पद पर पहले मुख्यमंत्री के खासमखास केहर सिंह खाची तैनात थे, जिनको सुक्खू ने हटा दिया था, जिस पर मुख्यमंत्री नाराज भी हुए। उनकी नाराजगी के बावजूद यहां बदलाव नहीं किया गया था। इसके बाद जिलाध्यक्ष की कुर्सी प्रकाश ठाकुर को दी गई, लेकिन उन्होंने खुद ही कुर्सी छोड़ दी, जिस पर रितेश कपरेट को नियुक्त किया गया था। ऐसे में दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री ने सिपहसालार यशवंत छाजटा को जिला ग्रामीण का अध्यक्ष बनवा दिया है। पार्टी मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यशवंत छाजटा उपाध्यक्ष हिमुडा को जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।

बागियों की वापसी का मामला लटका

कुछ बागियों की घर वापसी का मामला भी अभी तक लटका हुआ है, जिनके लिए भी सीएम ने कहा है। अनुशासन समिति ने भी इनकी सिफारिश की हुई है, लेकिन सुक्खू इस पर फैसला नहीं ले रहे। अब हाइकमान के निर्देशों पर इस काम को भी अंजाम देना होगा, जिसमें सीएम के कई खास लोग वापस पार्टी में शामिल हो सकेंगे। कितनी जल्दी इस पर फैसला होता है, यह देखना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App