कांग्रेस छोड़ी, अब महेंद्र सिंह का देंगे साथ

मंडी —  धर्मपुर चुनाव क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। वहीं चुनाव प्रचार के शुरुआती दिनों में धर्मपुर में कांग्रेस को झटका भी लगा है। धर्मपुर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं ग्रयोह पंचायत के प्रधान रमेश चंद कांग्रेस को छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ महेंद्र सिंह ठाकुर की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। इसके अलावा बकारटा में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में  भी 11 सदस्यों ने कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है। धर्मपुर भाजपा के मंडल अध्यक्ष पूर्ण चंद ने बताया कि इसके उपरांत टीहरा में कार्यकर्ता बैठक के दौरान डा. अमर सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, राजू राम, सुदेश शर्मा, निर्मला चौहान, महिला मंडल प्रधान लग्यार, सुरजीत सिंह, त्रिलोक चंद, रिखी राम डोगरा, जगदीश चंद, गोविंद राम, जय कुमार, कृष्ण कुमार, भुकर राम, शांति स्वरूप पूर्व प्रधान कोट पंचायत आदि सदस्यों ने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है। इसके पश्चात सज्याओपिपलू में बीरी सिंह व बालक राम ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। लौंगणी में बैठक के दौरान लौंगणी पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश ने अपने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थामा। उन्होंने कहा कि इन सभी सदस्यों का भाजपा में आने पर मंडल इकाई धर्मपुर और विधायक महेंद्र ठाकुर ने स्वागत किया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि भाजपा में शामिल हुए सभी लोगों का पूरा मान-सम्मान किया जाएगा और उनके क्षेत्रों में सरकार आने पर पूरा विकास करवाया जाएगा। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा इस बार भी धर्मपुर में कांग्रेस की हार तय है और इस बार भी भाजपा सरकार अपना अहम योगदान अदा करेगी।