कांग्रेस ने जाति-धर्म के नाम पर बांटी देवभूमि हिमाचल

नाहन – विधानसभा क्षेत्र नाहन से भाजपा के उम्मीदवार व वर्तमान विधायक डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने देश के साथ-साथ हिमाचल को भी जाति, धर्म व संप्रदाय के आधार पर बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने  इसी के आधार पर हिमाचल में सत्ता हथियाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में विकास की गति को पूर्ण रूप से रोक दिया है। बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखकर कांग्रेस में पार्टी के भीतर ही घमासान चल रहा है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के गांव दधाणा, झाझड़, मगन्याणा भोंग, शाही-ओडर, सरोगा-टिक्कर, चाकली, निहोग-चमयाड़, धीरथ और बांवटा आदि गांव में जनसंपर्क अभियान के तहत बिंदल ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विगत पांच सालों में कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस सरकार की इसी लड़ाई के कारण जिला सिरमौर एवं नाहन विधानसभा क्षेत्र हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक पिछड़ा रहा। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में कांग्रेस के नेताओं ने विगत पांच वर्षों में अपने स्वार्थ और भाई भतीजावाद की राजनीति के चलते मजदूर, किसान व समाज के विभिन्न वर्गों का शोषण हुआ तथा सरकार के नेताओं के भ्रष्टाचार की मार आम लोगों पर पड़ी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला सिरमौर में पिछले पांच सालों में ठेकेदार माफिया ने अपनी जड़ों को मजबूत कर सड़कों के कार्यों में धांधली की है। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोग अब कांग्रेस की चिकनी चुपड़ी बातों में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता को चार नेशनल हाई-वे, एक आईआईएम के अलावा 20 करोड़ रुपए की राशि मेडिकल कालेज नाहन को देकर नाहन विधानसभा क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य विनय गुप्ता, चाकली पंचायत के उपप्रधान राजेश, प्रदेश महिला मोर्चा सदस्य प्रोमिला शर्मा, अध्यक्ष कॉ-आपरेटिव सैल वीरेंद्र ठाकुर, प्रकाश शर्मा, संजय शर्मा, भगत राम शर्मा, शाम ठाकुर, रामचंद्र, विक्रम ठाकुर आदि कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान में भाग लिया।

बिंदल के समर्थन में जनसंपर्क अभियान

भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार को नाहन शहर में डा. राजीव बिंदल के समर्थन में जनसंपर्क अभियान किया। इस अवसर पर नप नाहन की अध्यक्ष अनीता शर्मा, पार्षद रेखा तोमर, मधु बिंदल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा कौशिक, पार्षद नीलम सैणी, सरोज, श्यामा के अलावा स्वाति अग्रवाल, नीति अग्रवाल, बबीता शुमरा आदि ने शहर के वार्ड दो व तीन में प्रचार के दौरान कहा कि वीरभद्र सरकार शिमला में गुडि़या प्रकरण के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कठघरे में खड़ी हो गई है। प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में पिछले पांच सालों से साथ दिया है। महिला मोर्चा नेताओं ने इस दौरान नरेंद्र मोदी सरकार की देश भर में महिला सुरक्षा व महिला कल्याण की योजनाओं को भी लोगों तक पहुंचाया। महिला मोर्चा की नेताओं ने इस दौरान शहर के लोगों से राजीव बिंदल के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया।