कांग्रेस ने तोड़े भ्रष्टाचार के रिकार्ड

चलबाड़ा में जनसभा के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने साधा निशाना

नगरोटा सूरियां —  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को जवाली विधानसभा क्षेत्र के चलबाड़ा में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस सरकार तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि  कांग्रेस राज में भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा मिला है तथा खनन, नशा तथा वन माफिया ने पांव पसारे हैं। अमित शाह ने कहा कि सरकार को मोदी सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए करोड़ों रुपए दिए, लेकिन कांग्रेस ने विकास की बजाय अपना तथा अपने मंत्रियों व विधायकों का विकास करवाया। उन्होंने कहा कि  पांच-पांच वर्ष के बाद सरकारों का बदलना बंद कर दें। हिमाचल में लगातार कमल को खिलने दें। अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। कांग्रेस में जब केंद्र सरकार थी तो कांग्रेस ने कोयले से लेकर हर चीज में घोटाला किया। देश में नई-नई योजनाएं मोदी सरकार लेकर आई है। इसके तहत दो करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन फ्री दिए गए हैं। पूर्व सैनिकों के लिए केंद्र सरकार ने वन रैंक-वन पेंशन की सुविधा दी। केंद्र सरकार ने प्रदेश की सड़कों के लिए करोड़ों रुपए जारी किए, लेकिन प्रदेश सरकार ने डीपीआर तक नहीं बनाई। प्रदेश की वीरभद्र सरकार ने पांच वर्ष में भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। अमित शाह ने कहा कि हिमाचल में इस बार भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी तथा जवाली में भी कमल खिलेगा।  अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता हमने तीन वर्ष का हिसाब मांग रहे हैं। पहले वह अपने 70 वर्ष का हिसाब दें।  भाजपा एक-एक वर्ष का हिसाब जनता को दे रही हैं। राहुल बताएं जहां से वह लोकसभा का चुनाव लड़ते हैं,  वहां आज सीएचसी तक नहीं है। हिमाचल में भी भाजपा तथा गुजरात में भी भाजपा की सरकार बनेगी।  इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जवाली में बाप-बेटे का राज खत्म होगा। उन्होंने जनता से सवाल किया कि जवाली में बाप-बेटे के अलावा कांग्रेस में और नेता नहीं है। इस मौके पर पूर्व मंत्री डा. हरवंस सिंह राणा, जिला नूरपुर के चुनाव संयोजक व जिला अध्यक्ष संजय गुलेरिया, युवा प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान व योगराज मेहरा ने भी जनसभा को संबोधित किया। चलवाड़ा पहुंचने पर प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा के डा. राजीव भारद्वाज, जिला महामंत्री रणवीर सिंह निक्का, मंडल अध्यक्ष उत्तम धीमान, जम्मू-कश्मीर के मंत्री लाल सिंह, सुरिंद्र शर्मा, संजय उपाध्यक्ष, रविंद्र गुलेरिया, जोगिंद्र शर्मा व अभिजीत ने अमित शाह का स्वागत किया।

संजय गुलेरिया ने टिकट छोड़ अर्जुन को दिया मौका

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यहां से एक अन्य प्रत्याशी संजय गुलेरिया भी थे, जिन्होंने अपना दावा होते हुए भी बड़े चाव से अर्जुन सिंह का समर्थन किया। ऐसे भाई संजय गुलेरिया व हमारे वरिष्ठ नेता हरबंस सिंह राणा, पूर्व मंत्री जो आज कंधे से कंधा मिलाकर अर्जुन सिंह को जितवाने को जोरों से जुट गए हैं।