कांग्रेस ने 12 लाख बेरोजगारों के साथ किया मजाक

By: Oct 31st, 2017 12:10 am

नाहन —  भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व नाहन के विधायक व भाजपा प्रत्याशी डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के 12 लाख युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर ठगा है। सोमवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कालाअंब क्षेत्र में आयोजित चुनावी बैठकों में लोगों को संबोधित करते हुए बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल तक बेरोजगार युवाआें को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर गुमराह किया। कांग्रेस ने चंद कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए नौकरियों को आउटसोर्स कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन नौकरियों में प्रदेश के हजारों युवाओं का भविष्य कांग्रेस सरकार ने दांव पर लगा दिया है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मिलीभगत से कंपनी की जेब में लाखों रुपए की राशि भरी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी नियुक्तियों में बेरोजगारों के साथ भेदभाव किया गया है, जिसके चलते आज पढ़े-लिखे बेरोजगार घरों में ओवरऐज हो रहे हैं। उन्होंंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास युवाओं के भविष्य के लिए कोई नीति नहीं है। इस अवसर पर सुलेमान, यशपाल, राजेश प्रधान, उपप्रधान संजय, दिनेश अग्रवाल, विनय, दिनेश, नितिन गुप्ता, श्याम लाल, नीरज, यामिन अली आदि ने भी लोगों को संबोधित किया।

बिंदल के लिए वोट मांगे 

नाहन से भाजपा प्रत्याशी डा. राजीव बिंदल के जनसंपर्क अभियान में भाजपा की एक वरिष्ठ नेत्री अपनी उम्र को भूलकर पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में भाजपा की वैटर्न प्रचार एंबेसडर बन चुकी है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा कौशिक प्रतिदिन सुबह नौ बजे प्रचार की मुहिम पकड़ लेती है। देर शाम तक वह घर नहीं लौटती है। वर्ष 1986 से भाजपा से जुड़ी प्रतिभा कौशिक का जज्बा देखकर महिलाओं में भी ऊर्जा आ रही है। आज प्रतिभा कौशिक पार्टी के नए कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनी हुई है। सोमवार को प्रतिभा कौशिक के नेतृत्व में महिला मोर्चा जिसमें डा. बिंदल की पत्नी मधु बिंदल के अलावा भाजपा नेत्रियों ने शहर के वार्ड नंबर छह व 11 में डा. बिंदल के लिए वोट मांगे। भाजपा नेत्रियों ने इस दौरान शहर की समस्याओं को लोगों के समक्ष रखा। इस अभियान में पार्षद नीलम सैणी, रेखा तोमर, स्वाति अग्रवाल, नीति अग्रवाल, मोना तोमर, शीला जोशी, बबीता शुमरा, अल्का गर्ग, नीति गर्ग, रचना, लीला देवी, अनुराधा, हंसा आदि शामिल थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App