कुटलैहड़ में देंगे उद्योगों को बढ़ावा

बंगाणा —  कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने में पूरी तरह से असफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार सत्ता में आने पर कुटलैहड़ क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। यह बात कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने नंगल सलांगड़ी, संझोट, धमांधरी व ठडवाड़ा में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान कही। इस दौरान वीरेंद्र कंवर ने नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कुटलैहड़ क्षेत्र में केवल मात्र घोषणाएं ही की हैं। कोई भी घोषणा सिरे नहीं चढ़ पाई है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत विकास कार्यों पर अंकुश लगा दिया। कांग्रेस ने हमेशा ही कुटलैहड़ क्षेत्र से भेदभाव की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर भी छलावा ही किया है। शिक्षित युवा वर्ग सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं, लेकिन युवाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को आदर्श  बनाया जाएगा। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष बलराम बबलू, जिला परिषद सदस्य राजकुमार, नंगल सलांगड़ी के प्रधान रविंद्र कुमार, उपप्रधान सुखचैन, बीडीसी सदस्य मीनाक्षी, धमांधरी पंचायत के प्रधान बलबीर, पूर्व प्रधान चनन सिंह, सतवंत सिंह, हर्ष कौशल, करनैल, जोगिंद्र सिंह, भजन सिंह, मास्टर प्रकाश चंद, साधु राम, जितेंद्र काका, रामदास भगत, निशा कुमारी, अरुण वाला, तृष्ता देवी, अजय मन्हास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।