खरीददारी के लिए आज शाम शुभ मुहूर्त

जवाली के ज्योतिषि बोले, धनतेरस पर शाम 7:20 से 8:17 तक सामान खरीदने से होगा लाभ

जवाली – दिवाली से दो दिन पहले धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है, जिसमें लोग जमकर नई चीजों की खरीददारी करते हैं। इस बार धनतरेस पर्व 17 अक्तूबर को मनाया जाएगा। जवाली के ज्योतिषि पं. विपिन शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर खरीददारी करने का शुभ मुहूर्त शाम 7:20 से लेकर 8:17 तक है, जिसमें किसी भी चीज की खरीददारी करने पर उसमें बढ़ोतरी होगी। धनतेरस यानी धनत्रयोदशी के दिन भगवान धनवंतरी का जन्म हुआ था। मान्यता के अनुसार माता लक्ष्मी समुद्र मंथन से उत्पन्न हुई थीं, ठीक उसी प्रकार धनवंतरी भी समुद्र मंथन से उत्पन्न हुए। जब धनवंतरी देव समुद्र मंथन से उत्पन्न हुए थे, तब उनके हाथ में अमृत से भरा कलश था, इसलिए इस दिन बरतन खरीदने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस दिन धातु के बरतन, सोने व चांदी के आभूषण, झाडू, नमक, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कुबेर की फोटो, सात मुखी रूद्राक्ष को खरीदने से लाभ होगा। इस बार 46 वर्षों के उपरांत धनतेरस पर कलानिधि योग बन रहा है। तीन योग एक साथ होने पर कलानिधि योग बनता है।

धनतेरस पर किस राशि के लोग क्या खरीदें

मेष राशि : इस राशि का स्वामी मंगल है, इसलिए इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के साथ-साथ भूमि व भवन में भी निवेश कर सकते हैं।

वृष राशि : इस दिन खाना बनाने वाला सामान खरीदना लाभदायी होगा।

मिथुन राशि : इस राशि वाले पर्स, बैग, ट्रॉली बैग खरीद सकते हैं।

कर्क राशि : चांदी की ज्वेलरी या अन्य सामान खरीदना लाभदायक होगा।

सिंह राशि : इस राशि के लोग सोने से बनी कोई भी वस्तु खरीद सकते हैं।

कुंभ राशि : घड़ी, दीवार घड़ी और तवा, कड़ाई खरीदना शुभ रहेगा।

मकर राशि : वाहन या लोहे से बनी वस्तु खरीदना ठीक रहेगा।

वृश्चिक राशि : टीवी, लैपटॉप व तांबे के बरतन खरीदना ठीक रहेगा।

तुला राशि : इस राशि का स्वामी शुक्र है। नौकरीपेशा वालों को तराजू तथा बिना नौकरीपेशा वालों को बेडरूम से संबंधित चीजें खरीदना शुभ रहेगा।

कन्या राशि : इस राशि का स्वामी बुध है। इस राशि वाली महिलाएं कानों में पहनने वाली वस्तु और पुरुष किताब या कलम खरीद सकते हैं।

मीन राशि : मीन राशि का स्वामी गुरु है। सोना या कपड़े खरीदना ठीक रहेगा।

धनु राशि : पीतल या सोने से बनी चीजें खरीदना लाभदायक होगा।