ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में 1900 किमी सड़कें

 नई दिल्ली— पूरे देश को बेहतर सड़कों से जोड़ने के लिए शुरू की जा रही सरकार की महत्त्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के तहत 1900 किलोमीटर सड़कें ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित की जाएंगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परियोजना के पहले चरण में इसमें से 800 किलोमीटर सड़क को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित किया जाएगा। इन सड़कों पर माल परिवहन और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बिना किसी रूकावट के द्रुत गति से चल सकेंगी। सूत्रों के अनुसार सर्वेक्षण में पाया गया कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों और आर्थिक गलियारों के कुछ हिस्से में यातायात 50 हजार पैसेंजर प्रति यूनिट से ज्यादा है। ऐसे में इन हिस्सों में यातायात को सुगम और तेज बनाने के लिए इन्हें ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतमाला परियोजना के पहले चरण को मंजूरी दे दी। इसके तहत अगले पांच वर्षों के दौरान पांच लाख 35 हजार करोड़ रूपए की लागत से 24800 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसमें 2.09 लाख करोड़ बाजार से जुटाए जाएंगे और 1.06 लाख करोड़ निजी निवेश के जरिए आएंगे, जबकि 2.19 करोड़ रुपए केंद्रीय सड़क कोष या टोल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।