चुनावी दंगल में कूदे चेतराम ठाकुर

By: Oct 22nd, 2017 12:10 am

चैलचौक, थुनाग —  सराज विस क्षेत्र में शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम ठाकुर ने एसडीएम कार्यालय जंजैहली में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम ठाकुर के नामांकन कार्यक्रम में मंडी लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर सराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा। इस मौके पर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ चेतराम ठाकुर को निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तक पहुंचाया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खूब जोश देखने को मिला। लगभग पूरे विस क्षेत्र से कार्यकर्ता चुनावी रैली में पहुंचे हुए थे। वहीं इस अवसर पर रैली को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम इस बार के चुनावों में भारी मतों से हारेंगे। चेतराम ने कहा कि अपार जनसमर्थन देख उनकी आंखों से आंसू निकल आए हैं। उन्होंने कहा कि सराज विस को जो कुछ भी मिला है, वह सब कुछ कांग्रेस की देन है। नामांकन जनसभा में भाजपा के 150 कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो गए, जिनका चेतराम ठाकुर ने हार पहना कर स्वागत किया। वहीं इस मौके पर मंडी प्रधान जगदीश रेडडी, नागेश्वर ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

ब्लॉक कांग्रेस एकजुट

चेतराम ठाकुर को टिकट मिलने के बाद विरोध कर रही ब्लॉक कांग्रेस भी अब चेतराम ठाकुर के साथ आ गई है। नामांकन जनसभा में कल तक बगावत कर रहे सराज कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी और टिकट की दौड़ में रहे विजय पाल सिंह ने भी रैली में आकर साथ चलने का ऐलान किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App