चेतराम को जिताओ…तोहफों की बारिश लगा दूंगा

By: Oct 31st, 2017 12:10 am

बालीचौकी में मुख्यमंत्री वीरभद्र बोले, जयराम नहीं करवा पाए विकास

बालीचौकी —  मंडी जिला में कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार के सराज विस के बालीचौकी में कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम ठाकुर के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सराज के विधायक जयराम ठाकुर तो सराज का विकास करवा नहीं सके, लेकिन चेतराम ठाकुर के संघर्ष के चलते इस बार प्रदेश सरकार ने सराज में अथाह विकास है। उन्होंने कहा कि जो मंत्री होते हुए भी जयराम ठाकुर सराज विस में नहीं ला सके, वो चेतराम ठाकुर ने अपनी मेहनत से एक बोर्ड का अध्यक्ष होकर भी मुझसे ले लिया। उन्होंने कहा कि अब बारी सराज की जनता की है। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सराज की जनता इस बार चेतराम ठाकुर को जिता कर विधानसभा में भेजें। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो चेतराम ठाकुर को न सिर्फ बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, बल्कि सराज को कांग्रेस सरकार और बडे़ तोहफे भी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सराज के विकास में 95 फीसदी योगदान दिया है, जिसमें बालीचौकी क्षेत्र भी शामिल है।  इसके बावजूद आने वाले समय में बालीचौकी के विकास के लिए एक विशेष मास्टर प्लान तैयार करने के आदेश दिए हैं। जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम ठाकुर, मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, पूर्व विधायक शिवलाल, विजयपाल चौहान, महेंद्र ठाकुर, वीर सिंह भारद्वाज व हेम सिंह ठाकुर ने भी शिरकत की।  इस दौरान बालीचौकी क्षेत्र से भाजपा के कार्यकर्ता रहे सतीश शर्मा व 50 अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने हार पहना कर सतीश शर्मा का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया।

मैं डरने वालों में से नहीं हूं

सीएम वीरभद्र सिंह बोले, हाथ धोकर पीछे पड़े हैं मोदी और धूमल

मंडी, बालीचौकी, सुंदरनगर —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को मंडी जिला में ताबड़तोड़ जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने सराज विस के बालीचौकी, निहरी, चैलचौक और मंडी में जनसभाओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की। इन सभाओं में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पीछे हाथ धोकर पड़ गए हैं, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। एक ही मामले को तीन-तीन अदालतों में चलाया जा रहा है। झूठे केसों से किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता है, केवल उससे परेशान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे केंद्र का ध्यान हिमाचल प्रदेश पर है और भाजपा नेता किसी भी कीमत पर यहां जीत चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काश अगर चुनावों के पहले भाजपा नेता इतना ध्यान प्रदेश की प्रगति पर देते। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर, जेटली और उनके साथियों के कहने पर मेरे खिलाफ झूठे केस बनाए गए हैं, लेकिन जल्द ही मैं इन मामलों में बरी हो जाऊंगा और क्षमा मांगने के लिए धूमल और अन्य लोगों को शिव के पास जाने के लिए कहूंगा। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा पैसे और झूठ के बल पर प्रदेश में चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन सूबे की जनता मेरे साथ है। जनता को पता है कि प्रदेश का हित किसके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को अब मोदी व उनके मंत्रियों के झूठे वादे बरगला नहीं सकते हैं। प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सत्ता आना तय है ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App