टिकट न मिलने पर…रो पड़े किशन कपूर

धर्मशाला —  भाजपा के टिकट ऐलान से पहले बनी असमंजस के बीच जब पूर्व मंत्री किशन कपूर की टिकट कटने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा तो कार्यकर्ता उनके होटल के बाहर पहुंच गए। इस मौके पर वह उनके पक्ष में नारेबाजी करने लगे तो उन्हें संबोधित करते हुए कपूर के आंसू छलक पड़े। उन्हें भावुक होते देख कई कार्यकर्ता भी रो पड़े। धर्मशाला मंडल भाजपा पूर्व मंत्री किशन कपूर की टिकट कटने पर बगावत की पूरी तैयारी में हैं। इसके संकेत मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में किशन कपूर और मंडल पदाधिकारियों ने दे दिए हैं। मंडलाध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किशन कपूर को पार्टी टिकट मिले या न मिले, लेकिन वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 20 अक्तूबर को ही नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यह निर्णय इसलिए लिया गया कि रविवार को धर्मशाला से किशन कपूर के बजाय एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री उमेश दत्त का नाम चर्चा में आ गया। हालांकि सोमवार शाम तक किसी नाम पर मुहर नहीं लगी थी। उमेश दत्त का नाम सुनकर कपूर समर्थकों को काफी धक्का लगा और इसी के चलते सोमवार सुबह किशन कपूर ने समर्थकों संग बैठक की। इस बैठक में टिकट न मिलने पर चुनाव लड़ने को आगामी रणनीति पर कार्यकर्ताओं की राय जानी गई। सभी कार्यकर्ताओं का एकमत फैसला था कि यदि भाजपा किसी अन्य व्यक्ति को टिकट देती है तो वह इसका विरोध करेंगे। टूट रहा सब्र का बांधबीजेपी में लिस्ट जारी होने का इंतजार जैसे-जैसे लंबा हो रहा है, टिकट के चाह्वानों के सब्र का बांध भी टूटता जा रहा है। हर कार्यकर्ता व नेता अपने चहेते को टिकट न मिलने पर गुस्से का इजहार कर रहे हैं। एक दूसरे के साथ खूब बहस भी हो रही है। सोशल मीडिया पर भी बहस का दौर डटकर चल रहा है।