तबादलों से डरा रही सरकार

By: Oct 6th, 2017 12:01 am

हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने जड़ा आरोप

बिलासपुर – हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कार्यरत परिवहन मजदूर संघ के हजारों कार्यकर्ताओं को तबादलों के माध्यम से प्रताडि़त किया गया है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने सरकार व परिवहन मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। श्री ठाकुर का कहना है कि एचआरटीसी में परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर लगातार प्रताड़ना की गाज गिर रही है। शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता भी सीना तानकर इसका सामना कर रहे हैं, जिसका ताजा उदाहरण संघ के प्रदेश महासचिव कुलदीप ठाकुर है, जिनका पांच वर्षों में आठ बार तबादला हुआ। वह हड़ताल के बाद सेवा से बर्खास्तगी भी झेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुलदीप ठाकुर का पहला तबादला वर्ष 2013 में सुंदरनगर से चंबा के लिए था। 14 जून, 2016 की हड़ताल के बाद जब 30 कर्मचारियों की सेवा से बर्खास्तगी हुई थी तो 30 में से 28 कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री को स्टांप पेपर पर माफीनामे दे दिए, लेकिन कुलदीप ठाकुर ने मंत्री को स्वयं माफीनामा नहीं दिया। किसी और ने ही माफीनामे पर महासचिव के जाली दस्तख्त कर दिए। तब परिवहन मंत्री ने कुलदीप ठाकुर का नाहन के लिए तबादला कर दिया था। छह महीने बाद नाहन से हरिद्वार, दो माह बाद ही विभागीय स्पेशल ट्रांसफर पालिसी में हरिद्वार से शिमला, फिर दो महीने बाद शिमला से कुल्लू के लिए और अब सिर्फ नौ माह बाद फिर कुल्लू से नाहन के लिए तबादले के आदेश हुए हैं। उन्होंने कहा कहा कि संघ के कार्यकर्ताओं को बदले की भावना से प्रताडि़त किया जा रहा है। इसका जवाब विधानसभा चुनाव में सरकार को देगा, जिसकी शुरुआत संघ ने नवरात्र में सरकाघाट से कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App