दूसरी राजधानी पर छली जनता

By: Oct 31st, 2017 12:15 am

धूमल ने घेरी प्रदेश सरकार; कहा, जनता-कर्मियों की दूर नहीं कर सकी दिक्कतें

चामुंडा, लंबागांव, सुजानपुर, अंब — प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य केंद्र खोले हैं, मगर चिकित्सक हैं नहीं, स्कूल अपग्रेड किए, मगर भवन और अध्यापक नहीं हैं। वहीं कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिल रही है। एचआरटीसी कर्मचारी हर चौथे दिन हड़ताल कर रहे हैं, उन्हें पूछो उनका चुल्हा कैसे जल रहा है। ये आरोप पूर्व मुख्यमंत्री पे्रम कुमार धूमल ने कांग्रेस सरकार पर जड़े। उधर, जयसिंहपुर के आलमपुर में प्रो. धूमल ने कहा कि जयसिंहपुर की जनता के लिए भाजपा सरकार ने 70 करोड़ की पेयजल योजना बना कर सुचारू रूप से चला कर दी थी, मगर प्रदेश सरकार ने उसको भी ठीक ढंग से नहीं चलाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थानीय विधायक जिम्मेदार हैं। इस मौके पर धूमल के साथ जम्मू-कश्मीर के उद्योग मंत्री चंद्र प्रकाश वर्मा, घनश्याम शर्मा, विनय शर्मा महिंद्र डढवाल आदि मौजूद रहे। उधर, भाजपा के स्टार प्रचारक प्रेम कुमार धूमल ने सोमवार को चामुंडा के पास बड़ोई मेला मैदान में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में दूसरी राजधानी की झूठी घोषणा पर अब जनता कांग्रेस से जवाब मांग रही है। केंद्र की मोदी सरकार से धर्मशाला को मिली स्मार्ट सिटी के तोहफे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और शहरी मंत्री सुधीर शर्मा मुफ्तखोरी कर रहे हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और झूठ से जनता का विश्वास खो दिया है। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को जम कर धोया।

आर्थिक कंगाली की ओर धकेला प्रदेश

पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के तहत अंब में चुनावी जनसभा के दौरान कहा कि वीरभद्र सरकार का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को आर्थिक कंगाली की तरफ धकेल दिया है। प्रदेश के कर्मचारियों व पेंशनरों को वेतन व पेंशन देने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। चुनावी दौर में शिलान्यास कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App