देवालयों में विराजे देव भूमि के देवी-देवता

बंजार —  विश्व विख्यात देव मिलन महाकुंभ पर्व के समागम के बाद ऐतिहासिक ढालपुर मैदान से जिलाभर के देवी-देवता अपने-अपने देवालयों में विराज गए हैं। उपमंडल बंजार व आनी के देवी-देवता शनिवार रात्रि अपने देवालयों में पहुंचे, देवी-देवताओं के देवालय में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। बता दें कि प्रतिवर्ष विश्व विख्यात देव मिलन महाकुंभ पर्व की शोभा बढ़ाने के लिए देवलु पैदल यात्रा करते हैं। इस साल भी उपमंडल बंजार व आनी के देवी-देवता शोभा बढ़ाने के लिए गए थे। दशहरा उत्सव में देव मिलन कर देवी-देवता अपने-अपने देवालयों को वापस लौट आए हैं और अपने देवालयों में विराजमान हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि उपमंडल बंजार व आनी के देवी-देवता देव मिलन महाकुंभ के लिए गत 27 तारीख को ही देवलुओं संग दशहरा के लिए रवाना हुए थे, उसके बाद शनिवार और रविवार को कई देवता अपने स्थानों पर पहुंचे, जहां पर देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद उन्हें देवालयों में रखा गया।