पति पहले से ही था शादीशुदा

अंब —  अंब थाना क्षेत्र के तहत दियाड़ा में अपने मायका में रह रही एक महिला ने अपने पति पर शादीशुदा होने के बावजूद उसके साथ शादी रचाने के आरोप लगाए है। यहीं नहीं महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने व उसे करंट लगाने के भी आरोप लगाए है। अंब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। जानकारी अनुसार पीडि़त महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में हिंदू रिति रिवाज के साथ नादौन के एक व्यक्ति से हुई थी। उसके पति एयरफोर्स में कार्यरत है। शादी के समय उसके मायका पक्ष ने उसे सोने-चांदी के आभूषण देकर बड़ी शान से उसे विदा  किया था। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले चंडीगढ़ में फ्लैट खरीदने की बात कहकर उससे पैसों की डिमांड करने लगे। वहीं उनकी मांग पूरी न होने के चलते उसे करंट लगाना भी शुरू कर दिया। उसके पति ने भी उसके फोन उठाने बंद कर दिए। जब वह पति के कार्यस्थल जोधपुर में गई तो वहां पर उसकी पहली पत्नी को देख वह दंग रह गई। महिला ने बताया कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने पति के शादीशुदा होने के बावजूद उसके साथ शादी करवाकर उसकी जिंदगी बर्बाद की है। एसएचओ अंब मोहन रावत ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले को लेकर गहन तफ्तीश की जा रही है।