बिंदल बोले, 60 साल का हिसाब दे कांग्रेस

By: Oct 22nd, 2017 12:10 am

नाहन —  भाजपा प्रत्याशी के डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को नाहन निर्वाचन क्षेत्र में अपना नामांकन पत्र भरा। नामांकन दाखिल करने से पूर्व भाजपा ने हिंदू आश्रम में जनसभा की। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए डा. राजीव बिंदल व अन्य भाजपा नेताओं ने कहा कि जिला सिरमौर की जनता कांग्रेस पार्टी से हिसाब मांग रही है, जिसने 70 साल की नाहन विधानसभा क्षेत्र पर राज किया। जनता हिसाब मांग रही है कि 60 साल के कांग्रेस राज के बाद भी सिरमौर हिमाचल प्रदेश की तुलना में सर्वाधिक पिछड़ा हुआ क्यों है। उन्होंने बताया कि 60 साल के कांग्रेस राज के बावजूद जिला सिरमौर बेरोजगारों की फौज में सबसे आगे क्यों है। सड़कों का घनत्व जिला सिरमौर में सबसे कम है। पीने का साफ  पानी 70 प्रतिशत गांवों को नहीं मिल रहा है। शिक्षा की गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ हुआ है व प्रति व्यक्ति आय हिमाचल में सबसे कम क्यों है। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता हिसाब मांगती है कि छह बार के मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह के 50 साल के राज के बावजूद आज सड़के नहीं हैं, पानी बिजली की हालात खराब है। बेरोजगारी से हर परिवार त्रस्त है। जब छह बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद दुर्दशा है तो सातवीं बार क्या नया हमें वे दे सकते है। सिरमौर की जनता हिसाब मांगती है कि कांग्रेस राज में चोरियां, डकैतियां, नशे का कारोबार, ड्रग माफिया, ट्रांसफर माफिया, ठेकेदार माफिया फल फूल रहे है। इस मौके पर हरियाणा के मंत्री  नायब सिंह सैणी, विधायक  बलवंत सिंह,  घनश्याम दास और कालका की एमएलए लतिका शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे । कार्यक्रम में नाहन विधानसभा से मंडलाध्यक्ष दीनदयाल, विनय कुमार, मुनीष चौहान, सत्तार मोहम्मद, ताज मोहम्मद, सुलेमान, फरीद खान, यामिन अली आदि  मुस्लिम नेताओं ने अपना समर्थन अदा किया।

प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा होगा

भाजपा नेताओं ने  आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने सदा ही स्वार्थ, धर्म और जाति की राजनीति की है, परंतु इस बार सिरमौर एवं नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता कांग्रेस पार्टी को माफ नहीं करेगी और प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App