बेल पर चल रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र

By: Oct 2nd, 2017 12:10 am

newsरिवालसर  —  कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश व देश में भ्रष्टाचार का अड्डा बना रखा है और घोटाले दर घोटाले कर बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह बात प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने रिवालसर में आयोजित बल्ह महिला मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडा व माफिया राज चरम सीमा पर है। सरकार के मुखिया भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते बेल पर हैं और कानून व्यवस्था को कायम करने वाले पुलिस अधिकारी जेल में है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में आए दिन महिलाओं पर अत्याचार के मामले इस बात को पुख्ता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के जमाने से कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा देकर सत्ता हथियाई है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, सुकन्या योजना से महिलाओं का कद बढ़ा है।  कार्यक्रम में सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने भानुपल्ली-बिलासपुर-मनाली-लेह रेलवे लाइन योजना की मंजूरी के लिए 15 हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं, बल्ह में सड़कों के लिए 102 करोड़ रुपए प्रधानमंत्री योजना के लिए मंजूर किए हैं और एलबीएस नेरचौक मेडिकल कालेज में कैंसर यूनिट के लिए 40 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस मौके पर बल्ह महिला मोर्चा अध्यक्ष पंकजा शर्मा, महामंत्री सीमा शर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य प्रियंता, बल्ह मंडल अध्यक्ष हेमपाल राणा, भाजपा नेता इंद्र गांधी, महंत राम चौधरी, लाल सिंह देशबंधु, बीडीसी चेयरमैन अंजना रावत, जिला भाजपा उपाध्यक्ष धमेश्वर ठाकुर, तेज लाल सहित कई भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App