भरे बाजार महिला को घोंपा छुरा

गरली में प्रवासी ने लहूलुहान की विवाहिता, खुद मौके से फरार

गरली — धरोहर गांव गरली के मेन बाजार में सोमवार सुबह खरीददारी के लिए आई महिला के पेट में एक बाइक सवार प्रवासी ने छुरा घोंप दिया। हमलावर बाजार में ही बाइक छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से लहूलुहान महिला को ग्रामीणों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार गरली के मेन बाजार में सोमवार सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब संजना देवी अपनी बेटी शिखा के साथ खरीददारी कर घर वापस जा रही थी और अचानक एक बाइक (पीबी-10सीए-1639) सवार ने महिला का पहला गला घोंटा और बाद में छुरा घोंप दिया। मौके पर थानेदार सुरेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची  टीम ने हमलावर की बाइक व छुरा कब्जे में ले लिया है। अभी तक आरोपी का कोई पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि यह हमलावर युवक डेढ़ साल पहले संजना देवी के घर टाइलिंग का काम कर चुका है और परागपुर के पास टयालू गांव में किराए के मकान में रहता है। भरे बाजार में हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और आरोपी का अब तक कोई पता नहीं है। डीएसपी योगेश दत्त जोशी ने बताया कि हमलावर युवक की बाइक व छुरा कब्जे में ले लिया गया है। महिला का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, जल्द आरोपी गिरफ्त में होगा।