‘भैयादूज’ पर इंदु ने दाखिल करवाया नामांकन

By: Oct 22nd, 2017 12:10 am

पालमपुर —  भैयादूज के दिन पालमपुर से भाजपा की उम्मीदवार इंदु गोस्वामी ने नामांकन पत्र दाखिल कर एक नया इतिहास रच दिया है। पालमपुर के अब तक के चुनावी सफर में किसी बड़े राजनीतिक दल ने पहली बार एक महिला को चुनावी समर में उतारा है। पालमपुर से पहली बार चुनाव मैदान में उतारी गई महिला नेत्री इंदु गोस्वामी को भाजपा कार्यकर्ता ‘बहन’ कहकर संबोधित कर रहे हैं। शनिवार को मंडल भाजपा अध्यक्ष संजीव सोनी व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ इंदु गोस्वामी ने चुनाव अधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस मौके पर गांधी मैदान में कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होते हुए इंदु गोस्वामी ने कहा कि जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा पालमपुर में एक नया इतिहास रचने जा रही है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में भाजपा एकजुट है और नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं को भी जल्द मना लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार कांग्रेस की ओर से बीबीएल बुटेल के पुत्र आशीष बुटेल के नाम पर सहमति बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो दोनों प्रमुख दलों से नए चेहरे इस बार पालमपुर की जनता के सामने होंगे। उधर चुनाव अधिकारी व एसडीएम पालमपुर बलवान चंद ने बताया कि पालमपुर से अब तक तीन लोग नामांकन कर चुके हैं।

सुलाह विधानसभा में चार नामांकन

शनिवार को सुलाह विस क्षेत्र से तीन लोगों ने बतौर आजाद उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल किए। इनमें गांव सुतरेहड़ से विशाल सिंह पुत्र युद्धवीर, ठाकुरद्धारा निवासी विक्रम राणा पुत्र रांझा राम, वंदना पुत्री सुभाष चंद निवासी बलोटा और गदियाड़ा निवासी लेखराज पुत्र मिनक राम शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App