मंडी में अनिल शर्मा ने किया शक्ति प्रदर्शन

मंडी – भगवा झंडों और भाजपा कार्यकर्ताओं के कंधों संग अनिल शर्मा का नया राजनीतिक सफर शुरू हो गया है। भाजपा में शामिल हुए पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा ने सोमवार को भाजपा के प्रत्याशी के रूप में मंडी सदर से नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व ऐतिहासिक पड्डल मैदान से रैली के रूप में अनिल शर्मा और जयराम ठाकुर भाजपा कार्यकर्ताओं के कंधों पर सवार होकर पूरे मंडी शहर की परिक्रमा की। इस दौरान प्राचीन वाद्य यंत्रों की थाप पर पंडित सुखराम परिवार के समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता खूब झूमे। जुलूस में वीरभद्र सिंह, रोहड़ू रामपुर और पांच प्यारों के नाम पर रोष  भरे हुए खूब नारे भी लगे। रैली में पंडित सुखराम के समर्थकों के साथ ही सदर भाजपा मंडल, जिला के नेता और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बाद में पंडित सुखराम, जयराम ठाकुर और अनिल शर्मा ने सेरी मंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर जोश भरा।

अब स्वाभिमान-आत्मसम्मान को जंग

सेरी मंच पर रैली को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि यह स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लड़ाई है। जिस पार्टी में आत्मसम्मान न हो, उसमें रहने का कोई मतलब नहीं है। वीरभद्र सिंह ने पंडित सुखराम को अपमानित किया और सदर का विकास रोके रखा।  मंडी में कांग्रेस चंद लोगों की मुट्ठी में है।

अपमान का जवाब देगी जनता

भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि पंडित सुखराम सक्रिय राजनीति को अलविदा कह चुके थे, लेकिन वीरभद्र सिंह ने इसके बाद न तो उनकी उम्र का ख्याल रखा और न उनके दर्जे का। हर मंच पर पंडित सुखराम का उन्होंने अपमान किया, जिसका अब सदर की जनता उन्हें देगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र नहीं चाहते कि मंडी से कोई नेता उभर सके। वीरभद्र ने हमेशा मंडी के साथ राजनीति ही की है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की लंबी उम्र हो, यह हमारी दुआ है, लेकिन यह चुनाव उनके जीवन का अंतिम चुनाव होगा। उन्होंने कहा पंडित सुखराम ने पहले भी भाजपा का साथ दिया था और अब तो वह भाजपा में शामिल होकर वीरभद्र को सीधी चुनौती देगें। मंडी में भाजपा दस की दस सीटें जीतेगी।