राज्यपाल ने की एकल विद्यालय की सराहना

बीबीएन —  एकल विद्यालय अभियान संस्था के हिमाचल के संरक्षक सुबोध गुप्ता की अगवाई में एकल के पदाधिकारियों ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की और उन्हें एकल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी कि प्रदेश में एकल विद्यालय द्वारा 3655 स्कूल गांवों में चलाए जा रहे है, जिसमें 76735 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। एकल के पदाधिकारियों ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत व सुबोध गुप्ता को शाल व टॉपी भेंटकर सम्मानित किया। राज्यपाल ने एकल विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। सुबोध गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में एकल विद्यालय द्वारा 3655 स्कूल गांवों में चलाए जा रहे है, जिसमें 76735 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे है। उन्होंने कहा कि एकल का लक्ष्य प्रदेश में 2345 और स्कूल खोलने का है, ताकि प्रदेश में स्कूलों की संख्या छह हजार हो जाए। उन्होंने कहा कि गांवों में खोले गए एकल स्कूलों में पांच से 14 वर्ष के बच्चों को प्रतिदिन तीन घंटे फ्री में शिक्षा दी जाती है, जिसमें प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास शिक्षा, जागरण शिक्षा व संस्कार शिक्षा का पाठ पढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि बद्दी, बरोटीवाला नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्रों में जगह-जगह पर एकल के स्कूल खोले जाएंगे, जिसमें प्रवासी बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। इस दौरान सुबोध गुप्ता की धर्मपत्नी अनिता गुप्ता, एकल के प्रदेश प्रभारी गोविंद शर्मा, ग्राम स्वराज्य मंच के प्रदेश संयोजक डोला राम, प्रदेशाध्यक्ष हेतराम ठाकुर, शीला भारद्वाज सहित अन्य सेवावृति व समिति पदाधिकारी मौजूद थे।