विधायक पर एमसी का 70 लाख बकाया

शिमला —  विधानसभा चुनाव लड़ने से पहले प्रत्याशियों को नगर निगम से एनओसी लेना जरूरी है, लेकिन नगर निगम तभी यह एनओसी देगा अगर निगम का कोई बकाया प्रत्याशी के पास नहीं है, यानी बकाया चुकाने पर भी निगम एनओसी जारी करेगा और बकाया न चुकाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। बुधवार को ऐसे ही कई प्रत्याशी एनओसी लेने नगर निगम पहुंचे। नगर निगम की कर और पानी की शाखा से एनओसी लेने के लिए जहां मौजूदा और पूर्व मंत्री भी नगर निगम शिमला के लगा रहे हैं, वहीं कुछ नेता अपने चहेतों को भेजकर निगम से एनओसी लेने आ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा पर नगर निगम का करीब 70 लाख रुपए का बकाया है। अब निगम तभी वर्मा को एनओसी जारी करेगा जब वह अपना बकाया चुकता करेंगे। श्री वर्मा की शिमला में नगर निगम के दायरे में संपत्ति है। इसी को लेकर नगर निगम की बकाया राशि उन्हें चुकानी होगी। वहीं, बुधवार को तीसरे दिन सुबह दस बजे से कई लोग एनओसी लेने आए। शाम होते-होते करीब 20 लोग एनओसी लेने आए। इस दौरान कुसुम्पटी विधायक अनिरुद्ध सिंह और पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनार्था को नगर निगम ने एनओसी जारी किया। अब तक करीब 40 लोग एमसी से एनओसी ले चुके हैं। इससे पहले दो दिन में 14 लोगों ने निगम से एनओसी ली थी। चुनाव लड़ने के लिए निगम से एनओसी लेना आवश्यक है। वहीं, जो लोग इन दिनों एनओसी लेने के लिए पहुंच रहे हैं, निगम में उनकी कोई देनदारी नहीं है। ऐसे में उन्हें निगम से एनओसी लेने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।