वीरेंद्र कंवर बोले, कुटलैहड़ को बनाएगे आदर्श

By: Oct 31st, 2017 12:10 am

बंगाणा —  कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र बनाया जाएगा। भाजपा सरकार बनने के बाद हर पंचायत में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान बनाया जाएगा। इसके अलावा पंचायत स्तर पर युवाओं को स्वस्थ बनाए रखने के लिए जिम भी खोले जाएंगे।   कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत परोइयां, दोबड़, रायपुर मैदान, डोहक, बल्ही, बिहड़ू, मंदली, कोलका सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान वीरेंद्र कंवर ने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने पर नौजवानों को रोजगार मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कुटलैहड़ में वाटर स्पोर्ट्स सेंटर खोला जाएगा। इसका लाभ स्थानीय खिलाडि़यों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई और पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था की जाएगी, ताकि आम जनता के साथ ही क्षेत्र के किसानों को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि कांग्रेस नेता क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह से असफल रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा ही छलावे की राजनीति की है। कांग्रेस ने जहां जनता को गुमराह किया। वहीं, जनता को सब्जबाग ही दिखाए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं हो पाई। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई योजनाएं स्वीकृत हुई थीं, ताकि इस तरह की समस्याओं का समाधान हो सके, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही उन योजनाओं को सिरे नहीं चढ़ने दिया। पांच साल तक सभी योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार की ओर से सिंचाई के पानी के लिए उचित व्यवस्था की होती तो आज क्षेत्र का किसान परेशान नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र के लोगों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस दौरान कुटलैहड़ भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, राजेंद्र मलांगड़, राम सिंह, राजेंद्र राजू, जमीत सिंह, जसपाल, संजीव, सतपाल सिंह, दौलत राम, विजय पराशर, कर्ण सिंह, नीरज परमार,साधू सिंह, रतन सिंह, गुरचरण, धनपत राय, मंशा राम, शेर सिंह, डा. राजेंद्र सिंह, प्रभु चेला, चरणजीत सिंह, महिंद्र शर्मा, निर्मल ठाकुर, विजय कौशल, सुरेश राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App