शिमला से संजय चौहान माकपा के प्रत्याशी

शिमला  —  शिमला सीट से नगर निगम के पूर्व महापौर संजय चौहान माकपा के प्रत्याशी होंगे। सोमवार को माकपा शिमला शहरी कमेटी ने विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिमला विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं का अधिवेशन कालीबाड़ी हाल में आयोजित किया। शिमला सीट से माकपा प्रत्याशी के तौर पर नगर निगम के पूर्व महापौर संजय चौहान के नाम की घोषणा की। अधिवेशन का उद्घाटन शिमला के पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि शिमला विधानसभा क्षेत्र से साथी संजय चौहान को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एकजुट हो जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के पास आज जनता के बीच जाने का कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार में डूबी है। जनता के हितों की रक्षा करने के बजाय ये दोनों पार्टियां मात्र एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने की राजनीति कर रही हैं।  पार्टी शहरी कमेटी सचिव बलबीर पराशर ने कहा कि पार्टी इन चुनावों में प्रदेश विधानसभा में सशक्त व मजबूत विपक्ष के निर्माण के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने जनता के हितों की तरफ बिलकुल भी ध्यान नहीं दिया। प्रदेश में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा भी विधानसभा के अंदर व बाहर जनता के मुद्दों को उठाने में विफल रही है। दोनों ही पार्टियों ने विधानसभा में कभी भी जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं की। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा नोटबंदी व जीएसटी को लागू कर आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डाला गया।  पार्टी के उम्मीदवार संजय चौहान ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों ने ही नवउदारवादी नीतियों को लागू किया है। दोनों  ही पार्टियां पुरानी पेंशन नीति को लेकर गुमराह कर रही है।

23 सदस्यीय समिति का गठन

अधिवेशन में 23 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति का गठन किया गया। इसमें डा. ओंकार शाद को संयोजक, टिकेंद्र सिंह पंवर को सह संयोजक, विजेंद्र मेहरा, बलबीर पराशर, फालमा चौहान, जगत राम, चंद्रकांत वर्मा, बाबू राम, डा. घनश्याम चौहान, किशोरी ढटवालिया, विनोद बिरसांटा, सोनिया सभ्रवाल, अनिल नेगी, आनंद, अशोक ठाकुर, कांता सुयाल, राजीव ठाकुर, रमाकांत मिश्रा, आशु भारती, शैली शर्मा, उत्तम चौहान व कलावती को कमेटी सदस्य चुना गया। यह चुनाव प्रचार अभियान कमेटी सदस्य समय-2 चुनाव प्रचार को चरणबद्ध तरीके से चलाने के लिए योजना तैयार करेगी।