सरवीण चौधरी ने शाहपुर से भरा परचा

रैत, शाहपुर   —  शाहपुर से भाजपा प्रत्याशी सरवीण चौधरी ने शनिवार को समर्थकों सहित नामांकन भरा। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति बनाई। इस अवसर पर उनके साथ विभिन्न समुदायों व पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। क्षेत्र के कई युवा एवं महिलाओं ने सरवीण चौधरी के नेतृत्व में भाजपा में शामिल होने का भी ऐलान किया, जिन्हें सरवीण ने भाजपा के पटके पहनाकर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं का सम्मान करते हुए सर्वाधिक महिला प्रत्याशी उतारी हैं,  जबकि कांग्रेस ने महिलाओं से भेदभाव ही किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की लहर चल रही है। देश की युवा शक्ति से लेकर बुद्धिजीवी और समाज के हर वर्ग में भाजपा और मोदी की नीतियों का समर्थन करते हुए हिमाचल को कांग्रेस मुक्त बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया वे घर-घर तक कांग्रेस के भ्रष्टाचार व भेदभाव पूर्व रवैये को पहुंचाएं, जिससे कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो सके। उन्होंने कहा कि शाहपुर क्षेत्र की जनता, कर्मचारी और अधिकारी अब  भय के साए में नहीं रहना चाहते हैं।