स्टार प्रचारकों को लाएगी कांग्रेस

By: Oct 17th, 2017 12:15 am

विधानसभा चुनाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी पार्टी, नामांकन समाप्त होते ही प्रचार होगा शुरू

शिमला— टिकटों की जंग के साथ हिमाचल प्रदेश में चुनाव अभियान जोर पकड़ने लगा है। जैसे ही टिकट फाइनल होेंगे, यहां नामांकन भरने का काम शुरू हो जाएगा और नामांकन के साथ ही स्टार प्रचारकों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस कोई कसर नहीं छोड़ेगी। पहले उसकी प्राथमिकता गुजरात थी, लेकिन फिलहाल गुजरात के चुनाव घोषित नहीं हुए हैं। ऐसे में उनके क्राउड पुलर नेता अब हिमाचल का रुख करेंगे। इसमें बालीवुड की हस्तियां भी शामिल हो सकती हैं। कांग्रेस की ओर से स्टार प्रचारकों में पंजाब के नेताओं की संख्या ज्यादा होगी, जिसमें खासकर नवजोत सिंह सिद्धू जैसे नेताओं का सहारा लिया जाएगा। माना जा रहा है कि यहां पर सिद्धू को लाकर ज्यादा से ज्यादा जनसभाएं करवाई जाएंगी, क्योंकि इन दिनों कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में उनकी तूती बोल रही है। उन्हें लोग पसंद करते हैं और यहां पर भी वह जमकर अपने कसीदे पढ़ें, ऐसा होगा। इनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर भी हिमाचल में चुनाव प्रचार का दारोमदार रहेगा। कैप्टन अमरेंद्र सिंह यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समधी हैं और पहले भी यहां पर प्रचार के लिए आते रहे हैं। उनका हिमाचल से भी नाता है। साथ ही पड़ोसी राज्य में उन्होंने भाजपा को पटखनी दी है, जिनको यहां पर भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ कांग्रेस अपने कई दिग्गजों, जिनमें खासकर युवा चेहरे शामिल होंगे, उनको यहां पर प्रचार के लिए उतारेगी। कांग्रेस की ओर से सबसे प्रमुख स्टार प्रचारक सोनिया गांधी और राहुल गांधी रहेंगे। हालांकि सोनिया गांधी की जनसभाएं यहां पर कम संख्या में होंगी और राहुल गांधी पर ही पूरा दारोमदार रहेगा। पहले भी इन दोनों नेताओं की चुनावी रैलियां यहां पर हो चुकी हैं। कांग्रेस इस दफा प्रियंका गांधी को भी प्रदेश में प्रचार के लिए लाने की इच्छा रखती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App