स्पेशल बसों से चंडीगढ़ का सफर

हमीरपुर  – एचआरटीसी डिपो हमीरपुर में स्पेशल बसों के जरिए यात्रियों को चंडीगढ़ तक का सफर करवाया गया। यात्रियों ने भी स्पेशल बसों में सफर का खूब आनंद उठाया। सोमवार को निगम की सभी बसें एडवांस में बुक चल रही थीं। इसके चलते यात्रियों को सीटों को लेकर खासा परेशान होना पड़ा। निगम ने यात्रियों की डिमांड पर स्पेशल बसें चलाकर यात्रियों को राहत पहुंचाई हैं। बस अड्डा हमीरपुर में सोमवार को चंडीगढ़ के लिए तीन स्पेशल बसें चलाई गईं। निगम की स्पेशल बसें सोमवार सुबह व शाम के वक्त चंडीगढ़ के लिए रवाना की गई। निगम को जैसे-जैसे स्पेशल बसों की डिमांड मिल रही थी, निगम की बसें वैसे-वैसे रूटों पर दौड़ रही थीं। यात्रियों से स्पेशल बसों चलाने के लिए डबल किराया वसूला जा रहा था, क्योंकि निगम की स्पेशल बसें चंडीगढ़ से खाली ही वापस लौटेंगी। निगम की दिल्ली, हरिद्वार व चंडीगढ़ की सभी बसें रविवार से ही एडवांस में बुक चल रही थीं। इसके चलते यात्रियों को चाहकर भी निगम की बसों में सोमवार को सीटें नहीं मिल रही थीं। दशहरा पर्व मनाकर दोबारा काम पर लौट रहे यात्रियों को सीटों को लेकर खासा परेशान होना पड़ा। निगम यात्रियों को हर संभव सुविधा मुहैया करवा रहा है, ताकि यात्री भी निगम की बसों में ज्यादा से ज्यादा सफर कर सकें। निगम में बसों की संख्या अधिक होने के चलते स्पेशल रूटों पर बसें चलाई जा रही हैं।