60 फीसदी बढ़ी रेलयात्रियों की तादात

नई दिल्ली— राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर त्योहारी सीजन में रोजाना करीब छह लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि आनंद विहार स्टेशन पर 80 हजार यात्रियों का आवागमन हुआ, जो एक सामान्य से 60 प्रतिशत तक अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में आनंद विहार, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली छावनी और पुरानी दिल्ली मुख्य रूप से देशभर में रेलयात्रियों के आवागमन के स्टेशन हैं। उत्तर रेलवे के एक वक्तव्य के अनुसार आनंद विहार टर्मिनल पर इस साल दिवाली और छठ के मौके पर 80 हजार यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया, जबकि सामान्य रूप में करीब 50 हजार यात्री प्रतिदिन इस स्टेशन से आते जाते हैं। यह संख्या 60 प्रतिशत अधिक रही। पुरानी दिल्ली स्टेशन पर इस दौरान यात्रियों की संख्या 20 प्रतिशत अधिक रही, जबकि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दिवाली एवं छठ  पर्व पर प्रतिदिन करीब छह लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। आनंद विहार, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली स्टेशन से साढ़े आठ लाख लोग आते-जाते हैं।