अर्की में सिंह की दहाड़ या भाजपा का बेड़ा पार

By: Nov 4th, 2017 12:40 am

सोलन— अर्की निर्वाचन क्षेत्र प्रदेश भर में सबसे अधिक हॉट सीट बन गई है। यहां से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांगे्रस की ओर से इस बार उम्मीदवार हैं। वह पहली बार अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। लिहाजा कांग्रेस व भाजपा नेताओं के लिए अर्की सीट प्रतिष्ठा का सबब बन गई है। यहां पर मुकाबला रोचक होने के आसार हैं तथा भाजपा व कांग्रेस के बीच ही यह प्रतिष्ठित चुनावी घमासान होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपनी ताल ठोक दी है, परंतु हमेशा की तरह इस बार अर्की से कम्युनिस्ट पार्टी के किसी भी नेता ने विधानसभा चुनाव में उतरने से परहेज किया है। कम्युनिस्ट वोट बैंक इस बार के चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है ऐसा राजनीतिक विश्लेष्कों का मानना है। अर्की निर्वाचन क्षेत्र की राजनीति में कुल 11 विधानसभा चुनावों में दो बार को छोड़कर नौ बार राजपूत नेताओं का ही बोलबाला है। इस चुनाव में भी कांग्रेस की ओर से वीरभद्र सिंह व भाजपा के प्रत्याशी रतन पाल राजपूत समुदाय से ही संबंध रखते हैं। अर्की विधानसभा में पहला चुनाव 1967 में हुआ तथा स्व. हीरा सिंह पाल ने आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा तथा विधानसभा पहुंचे। 1972 के चुनाव में पुनः हीरा सिंह पाल लोकतंत्र राष्ट्रीय पार्टी की टिकट पर विजयी हुए। 1977 में जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नगीन चंद पाल विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। 1982 में पुनः नगीन चंद पाल ने हीरा सिंह पाल (कांग्रेस) को हराया। 1985 में जब पुनः चुनाव हुए, तो कांग्रेस के हीरा सिंह पाल ने भाजपा के नगीन चंद पाल को हराकर राजनीतिक बदला भी ले लिया। 1990 में भाजपा की टिकट पर नगीन चंद पाल ने स्व. हीरा सिंह पाल के पुत्र अमर चंद पाल को हराया। 1993 में फिर चुनाव हुए तथा स्व. धर्मपाल ठाकुर ने नगीनचंद पाल को शिकस्त देकर नए समीकरण पैदा कर दिए। 1998 व 2003 में लगातार तीन चुनाव जीतकर धर्मपाल ठाकुर ने हैट्रिक दर्ज की। 2007 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के गोविंदराम शर्मा व 2012 में पुनः गोविंद शर्मा ने विधायक की सीट पर कब्जा किया।

बीजेपी ने नए चेहरे पर खेला दांव

इस बार के होने वाले चुनाव में भाजपा ने रतनपाल के रूप में नया चेहरा उतारा है तथा उनका मुकाबला मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से है। वीरभद्र सिंह भी शिमला ग्रामीण सीट को छोड़कर अर्की से पहली बार मैदान में उतरे हैं।अर्की में मुख्यमंत्री दो रैलियां कर चुके हैं तथा भाजपा की ओर से जगत प्रकाश नड्डा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सांसद अनुराग ठाकुर रैलियां करके कार्यकर्ताओं में जान फूंक चुके हैं। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं द्वारा डोर-टू-डोर प्रचार भी किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App