इंदौर के युवा ने सूडान-मिस्र सीमा पर बनाया नया देश

By: Nov 16th, 2017 12:09 am

खुद को घोषित किया राजा, पिता प्रधानमंत्री

इंदौर —  मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के सुयश दीक्षित ने सूडान और मिस्र के बीच 800 वर्ग मील के क्षेत्र पर अपना झंडा लगाकर उसे ‘किंगडम ऑफ दीक्षित’ घोषित किया है। उन्होंने खुद को इस गैर दावाग्रस्त इलाके का राजा बताते हुए संयुक्त राष्ट्र से उनके नए देश को मान्यता देने की बात कही है। इतना ही नहीं सुयश ने एक वेबसाइट बनाकर लोगों से इस देश की नागरिकता लेने का आवदेन करने को भी कहा है। जानकारी के मुताबिक यह पूरा इलाका रेगिस्तानी है, जो मिस्र और सूडान की दक्षिणी सीमा से लगा हुआ है। मिस्र और सूडान इसे अपना इलाका नहीं मानते। मिस्र का मानना है कि 800 वर्ग मील का यह इलाका सूडान का है, तो सूडान यह मानता है कि यह मिस्र का है। सुशय ने अपने फेसबुक अकाउंट पर जब पहली बार उस क्षेत्र पर दावा करते हुए तस्वीरें डालीं तो पूरी दुनिया में हलचल मच गई। उन्होंने अपनी कहानी भी शेयर की है, जिसमें सुयश ने बताया है कि वह 319 किलोमीटर का सफर कर यहां तक पहुंचे। उनके अनुसार रेगिस्तानी क्षेत्र में पहुंचने के लिए कोई सड़क भी नहीं थी। यहां आकर उन्होंने पौधा लगाने के लिए बीज बोया और उसे पानी दिया। सुशय का कहना है कि यहां पौधे का बीज लगाकर अब मैं यह दावा करता हूं कि यह सारी जगह मेरी है। सुयश ने अपने पिता को बर्थ-डे का गिफ्ट देते हुए उन्हें ‘किंगडम ऑफ दीक्षित’ का प्रधानमंत्री बनाया है। उसने एक वेबसाइट भी बनाई है, जिस पर इस नए देश की नागरिकता के लिए लोग रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App