ओडा जंगल में मिली देवदार की लकड़ी

माहूंनाग  में वन विभाग को झाडि़यों में मिले एक दर्जन नग, मामला दर्ज

करसोग  — यहां से लगभग 30 किलोमीटर दूर माहूंनाग क्षेत्र में रविवार को वन विभाग द्वारा औचक गश्त के दौरान ओडा जंगल से कटी हुई अवैध देवदार की लकड़ी तस्करी करने से पहले ही पकड़ लिए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी पकड़ने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। वन मंडल अधिकारी करसोग आरके शर्मा ने जानकारी देते हुए बाताया कि वन खंड अधिकारी नरेश कुमार सहित वन कर्मी रविवार को माहुंनाग क्षेत्र के दौरे पर थे, कि अचानक गश्त के दौरान ओडा जंगल में देवदार के अवैध रूप से कटे हुए लगभग एक दर्जन लाग पकड़ लिए गए, जो कि वन काटुओं द्वारा उड़ाए जाने से पहले ही वन कर्मियों की नजर में आ गए। उन्होंने कहा कि पकड़ी गई देवदार लकड़ी की कीमत करीब डेढ़ क्यूबिक व लगभग 83 हजार रुपए आंकी गई है। ओडा जंगल में कटी हुई अवैध लकड़ी बरामद करने के बाद कब्जे में ले ली गई हैं व अज्ञात लोगों के खिलाफ  इस घटना को लेकर मामला दर्ज करवा दिया गया है। वन मंडल अधिकारी करसोग आरके शर्मा ने उक्त मामला सामने आने बाद सबंधित क्षेत्र के वन कर्मियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं कि ओडा जंगल की छानबीन की जाए ,अगर वन काटुओं ने कोई और पेड़ भी काटें हैं, तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। मामला करसोग पुलिस को छानबीन के लिए दर्ज करवा दिया है।