कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर

बिझड़ी  —  केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावी रैलियों में भ्रामक प्रचार कर हिमाचल की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। चुनावी रैलियों में कांग्रेस के केंद्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जबकि असलीयत यह है कि हिमाचल में मुख्यमंत्री स्वयं बेल पर हैं। यह भ्रष्टाचार उन्हें नजर नहीं आ रहा। शायद उनको दृष्टिदोष या राजनीतिक दोष लग गया है। उन्होंने कहा कि बड़सर में अस्पताल, डाक्टरों की कमी, पानी की समस्या, शिक्षा व्यवस्था, सड़कों की बदहाल स्थिति चिंता का विषय है। कांग्रेस ने पांच साल तक केवल बड़सर की जनता के साथ भेदभाव किया है। यह बात उन्होंने बड़सर से भाजपा उम्मीदवार की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कही। राजनाथ सिंह का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानों कांग्रेस ने चुनावों से पहले ही हार मान ली हो। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो हिमाचल को केंद्रीय राजस्व का 11328 करोड़ रुपया दिया गया था। जब से केंद्र में मोदी की सरकार बनी है, हिमाचल से बिना भेदभाव किए केंद्रीय राजस्व चार गुना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर आगामी समय में हिमाचल में भाजपा सरकार बनी तो ग्रेड- तीन व ग्रेड चार की नियुक्तियों के लिए साक्षात्कार समाप्त कर दिए जाएंगे। योग्यता के आधार पर सीधी भर्तियां की जाएंगी। इससे भ्रष्टाचार पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की गरीब जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीरो वैलेंस खाते खुलवाए। यहां से गरीब पांच हजार तक का ऋण आसानी से ले सकता है। गरीब लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं, कम दामो पर स्टंट व घुटना कम राशि में उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने भारत व चीन पर डोकलाम विवाद से भी लोगों को अवगत करवाया। उन्होंने बड़सर की जनता से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने का आग्रह किया। इससे पहले बड़सर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें  सिद्ध बाबा बालकनाथ की प्रतिमा भी भेंट की गई। जनसभा शुरू करने से पहले लोक गठबंधन पार्टी के प्रत्याशी विनोद कुमार के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बलदेव कपूर, दिल्ली मंडल अध्यक्ष जागे राम गौतम, बीडीसी चेयरमैन अंजु चंदेल, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, ठाकुर जुगल किशोर व अन्य उपस्थित रहे।