किशोरी लाल को जितवाओ, मंत्री पद पक्का

बैजनाथ —  कांग्रेस की सरकार बनते ही विधानसभा के विधायक रहे तथा इस बार कांग्रेस के प्रत्याशी को अगर जनता भारी बहुमत से जीतवा कर विधानसभा भेजती है तो उन्हें मंत्री पद दिया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मेला ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि जो लोग रात के आठ बजे तक उनका इंतजार कर सकते हैं इससे साफ  दिख रहा है कि प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस सरकार बनाएगी व इस हलके में दोबारा विकास का रथ दौड़ेगा। वहीं प्रभारी रंजीता रंजन ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल सातवीं बार बैजनाथ का नेतृत्व करेंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी सातवीं बार सीएम बनेंगे। कांग्रेस की महिला  प्रभारी ने भाजपा के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की आम जनता को तो कोई सुविधा नहीं दे पाई वे भाजपा सरकार प्रदेश के ईमानदार लोगों को क्या देगी। भाजपा ने केवल वोट बैंक की खातिर जनता को गुमराह किया है। इसी का परिणाम है कि आज घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 100 रुपए बढ़ गए। जीएसटी व महंगाई के आगे केवल देश ही नहीं, बल्कि इस प्रदेश की जनता भी त्रस्त हो गई है। कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में जनता का जो समर्थन मिल रहा है वे इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में सातवीं बार वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री पद की कमान संभालेंगे। इससे पहले किशोरी लाल ने इस विशाल जनसभा में मौजूद कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे केवल जनता की सेवा के लिए आए हैं तथा आगे भी जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो पिछले पांच सालों में उन्होंने यहा विकास करवाए वे सब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। इस अवसर पर हरियाणा से पार्टी के आए चुनाव पर्यवेक्षक ओम प्रकाश चौधरी, राकेश चौहान, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र, प्यारे लाल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार कौडा आदि मौजूद थे।