कुल्लू में एक किलो चरस पकड़ी

दोहरानाला और ब्रौ में नशे की खेप संग धरे दो युवक

 कुल्लू  — जिला कुल्लू के दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने चरस के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों व्यक्तियों को रिमांड पर भेजा गया है।  यह चरस पुलिस ने जिला कुल्लू के दोहरानाला और दूर दराज क्षेत्र ब्रौ में पकड़ी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना कुल्लू की टीम ने दोहरानाला में नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी बीच वहां से एक व्यक्ति आ रहा था। पुलिस को देखकर वह हड़बड़ा गया और पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 564 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लिया और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, ब्रौ चौकी की टीम ने भी ब्रौ के शौंउगा नाला के पास नाका लगा रखा था। नाकाबंदी के दौरान वहां से व्यक्ति आ रहा था। पुलिस ने उसकी तलाशी ली और उसके कब्जे से 440 ग्राम चरस बरामद की गई। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह ने बताया कि दोहरानाला में चरस के साथ पकड़े गए तस्कर की पहचान अरुण सिंह निवासी सरोन जिला मंडी के रूप में हुई है। वहीं, ब्रो में चरस के साथ पकड़े गए तस्कर की पहचान लुभावन चंद निवासी ब्रो के रूप में हुई है। एएसपी ने बताया कि चरस तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया। आरोपियों ने यह चरस किससे खरीदी और और कहां ले जा रहे थे, इसकी पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है। एएसपी ने बताया कि चरस तस्करी के मामले हर-दूसरे दिन सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी तेज कर दी और चरस तस्करों को सलाखों के पीछे धकेल रही है।