चंबा में सवा चार किलो चरस पकड़ी

चुवाड़ी, चुराह— जिला चंबा में पुलिस ने करीब सवा चार किलो चरस पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चरस तस्करों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया है। चरस तस्करी के आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। चरस खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर तस्करों से पूछताछ की जा रही है। पहले मामले में पठानकोट एनएच स्थित बहु उद्देश्यीय बैरियर पर पुलिस ने तीन किलो एक सौ अस्सी ग्राम चरस की खेप सहित एक तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार पुलिस  तुनुहट्टी बैरियर पर नाका लगाकर वाहनों की जांच-पड़ताल  कर रही थी। इसी दौरान चंबा-पठानकोट -कटड़ा रूट की बस को निरीक्षण के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर बस की 25 नंबर सीट पर बैठा राम सिंह पुत्र कुलवंत सिंह वासी गांव माडली तहसील नकोदर जिला जालंधर घबरा गया। पुलिस को राम सिंह की गतिविधियां संदिग्ध दिखीं तो पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। पुलिस ने तलाशी दौरान राम सिंह से तीन किलो एक सौ अस्सी ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में राम सिंह के खिलाफ चुवाड़ी थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ  कर दी है।  दूसरे मामले  में तीसा मुख्य मार्ग पर पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों से एक किलो एक सौ तीस ग्राम चरस की खेप बरामद की है।  पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। चरस तस्करों को पुलिस रिमांड हेतु बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने पंगोला नाला के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान तीसा से चंबा की ओर कबाड़ से लदे वाहन को निरीक्षण के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर  गाड़ी में सवार बरकत अली व जॉन मोहम्मद वासी गांव नेरा घबरा गए। पुलिस  ने शक के आधार पर तलाशी लेने दौरान एक किलो एक सौ तीस ग्राम चरस बरामद की। उधर, एएसपी चंबा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने दो मामलों में आरोपियों से नशे की खेप पकड़े जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अभियान को और तेज किया जाएगा । नशा माफिया को हरगिज बख्शा नहीं जाएगा।