चुनाव प्रचार को आखिरी पांच दिन

By: Nov 3rd, 2017 12:15 am

सात की शाम पांच बजे थम जाएगा अभियान, फिर डो-टू-डोर दौर

शिमला— हिमाचल प्रदेश वि धानसभा चुनाव प्रचार के अब पांच दिन शेष बचे हैं। सात नवंबर को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। हालांकि डोर-टू-डोर अभियान चलता रहेगा। यह चुनाव इसलिए भी खास है, क्योंकि इस बार दोनों दलों में बागी व आजाद उम्मीदवार काफी संख्या में मैदान में डटे हैं। टिकट आबंटन में खोट के आरोप लगाकर कई दमदार प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिनके गुरु भी इन्हीं दलों के वरिष्ठ नेता हैं। विधानसभा चुनाव प्रचार अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अभी तक प्रादेशिक नेता पसीना बहा रहे थे। अब दोनों दलों के स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कांग्रेस में छह नवंबर को राहुल गांधी पहुंच रहे हैं। भाजपा की ही तर्ज पर कांग्रेस ने भी 40 स्टार प्रचारकों को उतारने का फैसला लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पार्टी को संबल देने के लिए हिमाचल पहुंच चुके हैं। रणदीप सिंह सुरजेवाला के बाद अब सचिन पायलट व अन्य नेता एक-दो रोज में पहुंच रहे हैं। भाजपा ने काफी पहले से ही आक्रामक प्रचार शुरू कर रखा हैं। मौजूदा विधानसभा चुनाव में 338 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 100 के करीब बागी व आजाद उम्मीदवार भी हैं। सबसे ज्यादा आजाद व बागी उम्मीदवारों की कतार कांगड़ा में 43, मंडी में 22, चंबा में सात और शिमला में 10 की है। बिलासपुर में भी चार, सोलन में सात, सिरमौर में तीन, ऊना में सात, हमीरपुर में आठ, कुल्लू में दो समानांतर प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। इन्हें मनाने के लिए दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेताओं के पसीने छूट गए, मगर इनमें से ज्यादातर टस से मस नहीं हुए। नामांकन वापिस लेने के रोज तक भी 42 ही मान सके। विश्लेषकों की राय में दोनों दलों के लक्ष्य को काफी हद तक ये बागी व आजाद उम्मीदवार प्रभावित कर सकते हैं।

प्रचार में राष्ट्रीय मुद्दे भी पकड़ रहे हवा

यह पहला मौका है कि स्टार प्रचारकों के आने से अब विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय मुद्दे हावी हो रहे हैं। कांग्रेस महंगाई व जीएसटी पर भाजपा को घेर रही है। भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी भाजपा पर पलटवार हो रहा है, जबकि भाजपा 60 वर्षों के शासन में कांग्रेस की कोताही व प्रदेश में कथित माफिया राज को लेकर कांग्रेस को घेरने की तैयारी चली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App