जल्द बने स्ट्रीट वेंडर एक्ट

चंडीगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले, एक्ट बनने से व्यापारियों में कम होगा तनाव

चंडीगढ़ —  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन ने चंडीगढ़ के व्यापारियों और रेहड़ी-फेरी वालों के बीच चल रहे तनाव को रोकने के लिए प्रशासन से वेंडिंग अधिनियम, 2014 लागू कर वेंडिंग जोन बनाने का शुक्रवार को सुझाव दिया। श्री धवन ने बयान में कहा कि हाल में शास्त्री मार्केट सेक्टर-22 और सेक्टर-19 मार्केट में व्यापारियों और रेहड़ी-फेरी वालों के बीच संघर्ष हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की कार्यशैली में बदलाव नहीं आया तो शहर अराजक हालात में पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर एक्ट वर्ष 2014 में बना। एक्ट बनने के चार साल बाद भी इसे अमलीजामा पहनाने में प्रशासन बुरी तरह से विफल रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के अनुसार एक्ट के अनुसार एक निश्चित समय सीमा में स्ट्रीट वेंडरों को लाइसेंस दिलाकर विभिन्न सेक्टरों में उपयुक्त जगह देने की बात कही गई थी, लेकिन इस पर अमल नहीं किए जाने के कारण मजबूरी में सैकड़ों रेहड़ी-फेरी वालों को बूथों, शो रूमों या अन्य दुकानों के आगे बैठना पड़ रहा है और व्यापारियों और रेहड़ी-फेरी वालों के बीच संघर्ष जैसी स्थिति पैदा हो गई है। धवन ने प्रशासन की इस बात को लेकर आलोचना भी की कि जिन समस्याओं को आला अधिकारी अपने स्तर पर सुलझा सकते हैं, उसमें उच्च न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ता है। भाजपा नेता ने कहा कि शहर में बिना देरी किए वेंडर एक्ट को लागू किया जाए और ध्यान रखा जाए कि विभिन्न सेक्टरों में वेंडर जोन चुनते समय व्यापारियों और रेहड़ी-फेरी वालों के बीच आम सहमति बनाई जाए, वेंडिंग जोन का स्थान ऐसी जगह पर हो, जहां आम जनता को पहुंचने में आसानी हो और आम जनता को असुविधाओं का सामना न करना पड़े तथा भिन्न-भिन्न सेक्टर में वेंडर जोन का चयन करने से पहले जन-सुविधाएं जैसे पेयजल, टायलेट, पार्किंग, बैठने की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए।